जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने किया सामुदायिक किचेन का स्थलीय निरीक्षण

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने बुधवार को जिले के सभी प्रखंडों में आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा संचालित सामुदायिक किचेन का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने सामुदायिक किचेन के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मापदंड के अनुसार साफ सफाई, एवं कोविड प्रोटोकॉल का पालन किए जाने संबंधी बिंदुओं की जांच की। जिला परिवहन पदाधिकारी, अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि बारुण स्थित सामुदायिक रसोई में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता संतोषप्रद पाई गई। उन्होने बारुण के अंचल अधिकारी को सामुदायिक रसोई का लाभ उठाने वालों को मास्क पहनने, आपस में दूरी, कोरोना प्रोटोकॉल की जानकारी देने तथा समाज के कमजोर लोगों की बस्ती में मास्क वितरण कराने का भी निर्देश दिया। वही अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा ने औरंगाबाद प्रखंड के सामुदायिक किचेन की जांच की। उन्होने पाया कि सामाजिक दूरी का पालन करते हुए भोजन का वितरण किया जा रहा है एवं खाने की गुणवत्ता भी संतोषप्रद है।

इसी प्रकार वरीय उप समाहर्ता आलोक राय एवं परिक्ष्यमान वरीय उप समाहर्ता अनीशा भारती ने रफीगंज प्रखंड के सामुदायिक किचेन में संधारित पंजियों का अवलोकन किया एवं साफ सफाई का जायजा लिया। वही दाउदनगर के अपर अनुमंडल पदाधिकारी प्रियव्रत रंजन ने गोह के गांधी स्मारक उच्च विद्यालय में संचालित सामुदायिक किचेन का निरीक्षण किया। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता ठीक पाई गई। उन्होंने किचेन स्टाफ एवं अटेंडेंट्स को हैंड ग्लब्स का उपयोग करने एवं प्रॉपर वेस्ट डिस्पोजल करने का निर्देश दिया। इसी प्रकार आईसीडीएस की डीपीओ रीना कुमारी ने कुटुंबा प्रखंड में संचालित सामुदायिक किचेन का निरीक्षण किया। उन्होने भी भोजन की मात्रा एवं गुणवत्ता ठीक पाई। इसी तरह अन्य प्रखंडों में भी सभी संबंधित पदाधिकारियों द्वारा निरीक्षण का कार्य किया गया।