बिहार में कोरोना का कोरोना का रिकवरी रेट पहुंचा 88 प्रतिशत, 1.5 लाख लोगों की हुई जांच

पटना(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। बिहारवासियों के लिए कोरोना को लेकर एक अच्छी खबर है। कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट 88 प्रतिशत तक पहुंच गया हैं। सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार ने बताया कि कोविड-19 की वर्तमान स्थिति को लेकर सरकार द्वारा लगातार सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कोविड-19 की स्थिति में उतरोत्तर सुधार हो रहा है।

कल टेस्ट की संख्या डेढ़ लाख से ज्यादा हो गई है। बिहार का रिकवरी रेट बढ़कर 88 प्रतिशत के करीब हो गया है। पर्याप्त संख्या में बेड्स उपलब्ध हैं। पूरी स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि बाढ़ की स्थिति भी सामान्य हो रही है। बाढ़ के दौरान एस0ओ0पी0 के तहत राहत एवं बचाव की कार्रवाई होती है इसलिए किसी प्रकार की समस्या नहीं आती है क्यों कि एस0ओ0पी0 में यह स्पष्ट है कि क्या-क्या और कैसे कार्रवाई करनी है। जी0आर0 का वितरण भी बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच त्वरित एवं बेहतर तरीके से किया जा रहा है। अधिकांश परिवारों के बैंक खाते में जी0आर0 का भुगतान किया जा चुका है।

स्वास्थ्य सचिव  लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 1,435 लोग स्वस्थ हुए हैं और अब तक 1,26,411 लोग कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं। विगत 24 घंटे में कोविड-19 के 1,978 नये मामले सामने आये हैं। वर्तमान में बिहार में कोविड-19 के 16,981 एक्टिव मरीज हैं। पिछले 24 घंटे में 1,50,195 सैंपल्स की जांच की गई है और अब तक की गयी कुल जांच की संख्या 37,21,250 है। उन्होंने बताया कि जांच की संख्या लगातार बढ़ायी जा रही है और ट्रीटमेंट, रिकवरी सहित अन्य सभी आवश्यक बिन्दुओं पर निरंतर अनुश्रवण किया जा रहा है।