राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से राजभवन में मिले सीएम नीतीश कुमार, बिहार में सियासी हलचल तेज

पटना। बिहार में कड़ाके की ठंड के बीच सियासी पारा गर्म है। इसी बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) मंगलवार को अचानक राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर (Rajendra Vishwanath Arlekar) से मिलने पहुंचे हैं।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू (JDU) कोटे के मंत्री विजय चौधरी के साथ राज्यपाल से मुलाकात करने के लिए पहुंचे हुए हैं। बीते कुछ दिनों से प्रदेश में सियासी अटकलें तेज हैं।

सियासी कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) से पहले पाला बदल सकते हैं। ऐसे में यह मुलाकात काफी मायने रखती है।

सुभाषचंद्र बोस को दी श्रद्धांजलि

बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के साथ नेताजी सुभाषचंद्र बोस (Subhash Chandra Bose) की जयंती के मौके पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे।

इसके बाद ही मुख्यमंत्री प्रदेश के राज्यपाल से मिलने पहुंचे हैं। दोनों के बीच किन मुद्दों पर चर्चा हो रही है, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।

राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल होंगे नीतीश?

बता दें कि एक दिन पहले ही ऐसी जानकारी सामने आई थी कि नीतीश कुमार 29 जनवरी को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की न्याय यात्रा में शामिल होंगे।

राहुल गांधी फिलहाल असम में हैं। उनकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा 29 जनवरी को बिहार में प्रवेश करेगी। किशनगंज के रास्ते यह यात्रा 30 जनवरी को पूर्णिया पहुंचेगी।

ऐसी जानकारी सामने आई थी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) 30 जनवरी को पूर्णिया में होने वाली सभा में राहुल गांधी के साथ मंच साझा करेंगे।

बता दें कि कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रवक्ता प्रेमचंद मिश्रा ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्णिया में इस यात्रा में शामिल होंगे। हालांकि, इस बात की पुष्टि जदयू की ओर से नहीं की गई है।