मुख्यमंत्री ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को किया अर्घ्य अर्पित, पटना के विभिन्न छठ घाटों का भी किया भ्रमण

पटना (लाइव इंड़िया न्यूज18 ब्यूरो)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 1 अणे मार्ग स्थित आवास में अपने परिवार के निकट सदस्यों के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया तथा राज्यवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिये ईश्वर से प्रार्थना की।

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के पश्चात् मुख्यमंत्री ने दानापुर के नासरीगंज घाट से कंगन घाट तक स्टीमर द्वारा गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया और छठव्रतियों एवं राज्यवासियों को छठ की शुभकामनायें दीं। लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अभिवादन हाथ उठाकर किया। मुख्यमंत्री ने भी सभी लोगों का अभिवादन हाथ उठाकर स्वीकार किया।

छठ घाटों का भ्रमण करने के पश्चात् पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ व्रत में शामिल सभी लोगों का मैं अभिनंदन करता हूं। मुझे यह देखकर खुशी हुई है कि बहुत अच्छी संख्या में लोग छठ व्रत में शामिल हुए हैं, यह बहुत ही प्रसन्नता की बात है। छठ घाटों पर व्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर प्रशासन की तरफ से पूरे तौर पर प्रयास किये गये हैं। इससे पहले हमलोगों ने तीन बार आकर यहां के इंतजामों को देखा है। लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं है। नासरीगंज से कंगन घाट तक हमलोगों ने सभी छठ घाटों को देखा, बहुत अच्छा लगा। पिछली बार कोरोना के चलते लोगों ने घरों में ही छठ पूजा की। इस बार फिर से छठ महापर्व का आयोजन घाटों पर हो रहा है, आज इसे देखने का फिर से मौका मिला। पूरे प्रदेशवासियों को मेरी शुभकामनाएं हैं, खासकर जो छठ व्रत में शामिल हैं, उनका मैं अभिनंदन करता

मुख्यमंत्री के भ्रमण के क्रम में पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव, विधान पार्षद ललन सर्राफ, मेयर सीता साहू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, पुलिस महानिदेशक एस0के0 सिंघल, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, प्रधान सचिव नगर विकास एवं आवास आनंद किशोर, आयुक्त पटना प्रमण्डल संजय कुमार अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, आई0जी0 पटना प्रक्षेत्र संजय सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

(आप हमें फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. व्हाट्सएप ग्रुप व टेलीग्राम एप पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)