चुनावी ड्यूटी पर जा रहे सैप जवानों की बस पलटी, आठ घायल, चालक के नशें में होने से हुआ हादसा, फरार

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज़ 18)। बिहार विधानसभा चुनाव-2020 के प्रथम चरण में बुधवार 28 नवम्बर को होने वाले मतदान की पूर्व संध्या पर मंगलवार को औरंगाबाद में चुनावी ड्यूटी बजाने जा रहे सैप के जवानों से भरी एक बस के पलटने से आठ जवान घायल हो गये। घटना देव बाजार स्थित सिंचाई कॉलोनी के पास की है। हादसे के बाद आसपास के मौजूद लोगों ने घायल जवानों को बस से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजने में सहायता की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिये अस्पताल भेजने का प्रबंध किया। बताया जाता है कि बस बिजली के एक खंभे से टकराने के बाद पलट गयी। वाहन के पलटने से सैप के 8 जवान घायल हए हैं। घायल जवानों में नरेश ठाकुर, दयाराम प्रसाद, मिथिलेश राय, जीपी सिंह, एपी पाल, दीपचंद राय एवं तपेश्वर कुमार शामिल है। देव थानाध्यक्ष वंकेटेश्वर ओझा ने बताया कि सूचना मिलते ही एसआई जयेंद्र भारती को मौके पर भेजा गया। सभी जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद ड्यूटी पर भेजा गया है। जवानों का सामान और हथियार भी सुरक्षित है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है। इस बीच जानकार सूत्रों की माने तो बस चालक ने शराब का सेवन कर रखा था। इसी कारण यह दुर्घटना हुई लेकिन हादसे के बाद चालक के भाग जाने के कारण यह सब कुछ स्पष्ट नही हो सका है।