ड्यूटी के दौरान वज्रपात से बीएसएफ जवान शहीद, अंबा के रजपरसा गांव में पसरा मातम


किशनगंज सीमा पर तैनात थे जयंत कुमार, 24 साल तक देश की सेवा के बाद हुआ निधन


अंबा, औरंगाबाद : औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र के रजपरसा गांव के लिए बुधवार का दिन गम का दिन बन गया। किशनगंज सीमा क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से बीएसएफ जवान जयंत कुमार (42) शहीद हो गए। शहादत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात जयंत कुमार किशनगंज सीमा पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान पास में तेज वज्रपात हुआ और वह उसकी चपेट में आकर अचेत होकर गिर पड़े। ड्यूटी बदलने पहुंचे साथी जवान उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन बुधवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

शहीद के पिता अर्जुन सिंह ने बताया कि जयंत कुमार वर्ष 2002 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे और पिछले 24 वर्षों से देश की सेवा में समर्पित थे। उनकी वर्तमान तैनाती किशनगंज सीमा क्षेत्र में थी।

जयंत कुमार अपने पीछे पत्नी, 20 वर्षीय बेटी मुस्कान कुमारी और 17 वर्षीय बेटा अभिजीत कुमार को छोड़ गए हैं। दोनों बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। घर के चिराग के यूं चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

खबर मिलते ही रजपरसा गांव में मातम पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। पूरे इलाके में नम आंखों से शहीद को श्रद्धांजलि दी जा रही है।

गांव के लोगों ने कहा कि जयंत कुमार की शहादत पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और गम दोनों है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *