शिक्षा जगत को बड़ी क्षति, सीपीआई के Mlc केदारनाथ पांडेय का निधन, CM ने जताया शोक

पटना(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष, शिक्षाविद व सीपीआई के विधान पार्षद केदारनाथ पांडेय का आज 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। केदारनाथ पांडेय ने नई दिल्ली के वेदांता अस्पताल में आज सुबह अंतिम सांस ली। हर्ट अटैक के बाद उन्हें वेदांता में भर्ती कराया गया था। उनके निधन की खबर मिलते ही बिहार में शोक की लहर फैल गई।

Kader nath pandey, mlc, cpi bihar

केदारनाथ पांडेय पांचवीं बार बिहार विधान परिषद के सदस्य चुने गए थे। वे विधान परिषद में निवेदन समिति के चेयरमेन भी थे। केदारनाथ पांडे का आज सुबह दिल्ली के वेदांता अस्पताल में चार बजे निधन हो गया। केदारनाथ पांडे के निधन की खबर आते ही न केवल वामपंथी कतारों, बल्कि बिहार की राजनीतिक गलियारे, शिक्षा जगत, और आम जन में शोक की लहर फैल गयी।

का० पांडे के निधन पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, बिहार के सचिव का० रामनरेश पांडेय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बिहार पार्टी और संघर्षशील लोगों की अपूरणीय क्षति है, जिसकी पूर्ति निकट भविष्य में सम्भव नहीं है। वह कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे।

आल इंडिया तंजीम ए इंसाफ के राष्ट्रीय सचिव इरफान अहमद फातमी ने एमएलसी केदारनाथ पांडेय के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने केदारनाथ पांडेय के निधन को बिहार के शिक्षक व वामपंथी, प्रगतिशील आंदोलन के लिए बड़ी क्षति बताया है।

एमएलसी केदारनाथ पांडेय के निधन पर मुख्यमंत्री ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद के सदस्य केदारनाथ पांडेय के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्व० केदारनाथ पांडेय एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। स्व० केदारनाथ पांडेय को बिहार में शिक्षकों के हित के लिए काम करने वालों में सबसे बड़ी आवाज माना जाता था। उनके निधन से शैक्षणिक, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।