बलूचिस्तान में पाक सेना पर दो बड़े हमले, BLA का 25 सैनिकों की मौत का दावा

नई दिल्ली: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तानी सेना पर दो अलग-अलग हमलों का मामला सामने आया है। प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इन हमलों में 25 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

BLA के मुताबिक, पहला हमला जियारत क्रॉस के पास पाकिस्तानी सेना के एक सैन्य काफिले को निशाना बनाकर किया गया। संगठन ने दावा किया कि हमले में सेना की चार गाड़ियों को निशाना बनाया गया और 18 सैन्यकर्मी मारे गए। BLA के अनुसार, हमले में कुछ सैनिक घायल भी हुए और कुछ मौके से निकलने में सफल रहे।

सुराब जिले में विस्फोटक से लदी गाड़ी उड़ाने का दावा

दूसरा हमला बलूचिस्तान के सुराब जिले के हाजीका इलाके में किए जाने का दावा किया गया है। BLA के अनुसार, उसके स्पेशल टैक्टिकल ऑपरेशन्स स्क्वाड ने विस्फोटकों से लदी एक गाड़ी को रिमोट के जरिए विस्फोट कर उड़ा दिया। संगठन ने दावा किया कि इस हमले में सात सैनिक मारे गए और एक सैन्य वाहन नष्ट हो गया।

BLA ने हमलों से जुड़े वीडियो जारी करने का भी दावा किया है। संगठन के मुताबिक, हमलों को उसके फतह स्क्वाड ने अंजाम दिया। BLA ने कुल तीन सैन्य वाहनों को नष्ट करने का दावा किया है।

बलूचिस्तान में लगातार जारी है संघर्ष

बलूच लिबरेशन आर्मी लंबे समय से बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग को लेकर पाकिस्तान के खिलाफ सशस्त्र अभियान चला रहा है। पाकिस्तान BLA को आतंकवादी संगठन मानता है और उसके खिलाफ सैन्य अभियान चलाता है।

बलूचिस्तान में प्राकृतिक संसाधनों पर अधिकार, राजनीतिक हिस्सेदारी, कथित जबरन गुमशुदगी और सैन्य मौजूदगी जैसे मुद्दों को लेकर लंबे समय से असंतोष रहा है। इन मुद्दों के कारण क्षेत्र में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और बलूच हथियारबंद संगठनों के बीच संघर्ष जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *