औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा: कार-ट्रैक्टर की टक्कर में तीन महिलाओं की मौत, दो गंभीर घायल

औरंगाबाद, बिहार। जिले के गोह थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना दाउदनगर-गया मुख्य मार्ग पर दधपी गांव के समीप हुई, जहां एक कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग अरवल जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र स्थित मधुश्रमा मलमास मेला से लौट रहे थे। दधपी मोड़ के पास पहुंचते ही कार की सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के हिच्छन बिगहा गांव निवासी उपेंद्र यादव की पत्नी ममता कुमारी, उनकी पुत्री चुलबुल कुमारी तथा उपहारा थाना क्षेत्र के डड़वां गांव निवासी बिनोद कुमार की पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है।

वहीं, हादसे में बिनोद कुमार के पुत्र समर कुमार और पुत्री मुस्कान कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल गोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद सड़क जाम

दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने दाउदनगर-गया मार्ग को जाम कर दिया और घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर निर्माण तथा मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी था।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और मोड़ के पास असावधानी हादसे का कारण हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *