बिहार सरकार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने दिया इस्तीफा, जानिए क्या है वजह

पटना(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। अपने बयानों से सूर्खियों में रहने वाले बिहार सरकार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह (Sudhakar Singh) ने नीतीश कैबिनेट (Nitish Kumar Cabinet) से इस्तीफा दे दिया है। राजद(RJD) कोटे से मंत्री सुधाकर सिंह ने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Deputy Chief Minister Tejashwi Yadav) को अपना इस्तीफा भेज दिया है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने इसकी पुष्टि की है।

राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह जो सुधाकर सिंह के पिता भी हैं उन्होंने मंत्री के इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा कि किसानों के हित में उन्होंने ये फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि भारत किसानों का देश हैं और सुधाकर सिंह एक किसान के बेटे हैं और किसानों के हित की बात करते रहे हैं आगे भी वे करते रहेंगे। जगदानंद सिंह ने कहा कि आज भी बलिदान देने की आवश्यकता है। मंडी कानून की काफी समय से बात हो रही है। किसानों का आंदोलन मंडी कानून के लिए काफी समय तक चला है।

उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री ने किसानों के हित के लिए आवाज उठाया सिर्फ आवाज उठाने से नहीं होती है त्याग करना पड़ता है। किसानों के विषय पर कृषि मंत्री ने अपना त्यागपत्र दे दिया है। जगदानंद ने कहा कि किसान और जवान की भूमिका को कभी नकारा नहीं जा सकता है। किसान,जवान और नौजवान के हित के लिए कृषि मंत्री ने अपना इस्तीफा पत्र बिहार सरकार को दे दिया है।

बता दें कि पिछले कई दिनों से अपने विवादास्पद बयानों को लेकर कृषि मंत्री सुधाकर सिंह चर्चा में थे। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा था- उनके विभाग में चोर भरे पड़े हैं और वे चोरों के सरदार हैं। वहीं, कुछ दिनों पूर्व उन्होंने कहा था- माप तौल अधिकारी मिलें तो जूते से मारिए। सुधाकर सिंह, नीतीश कुमार के कृषि रोड मैप पर भी सवाल उठा चुके हैं। कृषि मंत्री सुधाकर सिंह बार-बार अपनी ही सरकार की भ्रष्टाचार की कलई खोलते नजर आ रहे थे। उन्होंने बीज निगम पर आरोप लगाते हुए कहा कि निगम के बीज फर्जी हैं। ढ़ाई- दो सौ करोड़ रुपए का बीज निगम ही खा जाता है। इस दौरान उन्होंने मंत्रालय के माप तौल विभाग को वसूली विभाग कह दिया था।

(आप हमें फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. व्हाट्सएप ग्रुप व टेलीग्राम एप पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)