यूपी में जदयू ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी का किया शंखनाद, संगठन विस्तार पर जोर

  • वाराणसी के कार्यकर्ता सम्मेलन में निशांत कुमार, श्रवण कुमार और संजय झा ने भरी हुंकार; चार से छह विधायक जिताने का लक्ष्य, गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की अपील

वाराणसी: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने संगठन विस्तार की तैयारी तेज कर दी है। वाराणसी के करौता स्थित रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी अभियान में जुटने का आह्वान किया। सम्मेलन में चार से छह विधायक जिताने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए बिहार के विकास माडल और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों को यूपी के गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बिहार सरकार के मंत्री एवं यूपी प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास और सुशासन की नई पहचान बनाई है। इसी मॉडल को उत्तर प्रदेश में भी जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने निशांत कुमार को युवाओं की उम्मीद बताते हुए कार्यकर्ताओं से उन्हें सहयोग और आशीर्वाद देने की अपील की।

एनडीए के सहयोगी दल के रूप में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रयास करेगी जदयू

जदयू के नेता व बिहार स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि राजनीति पद और प्रतिष्ठा हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का रास्ता है। सामाजिक न्याय, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्य और समावेशी विकास जदयू की प्राथमिकता हैं। उन्होंने बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख किया। पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत और सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा कि जदयू एनडीए के सहयोगी दल के रूप में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रयास करेगी। इस संबंध में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर विचार-विमर्श जारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों की समस्याएं उठाने और युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर जनता के बीच जाने की अपील की।

पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि 2027 का चुनाव यूपी में जदयू के संगठन की परीक्षा होगी। चार से छह विधायक जिताने में सफलता मिलती है तो प्रदेश में पार्टी के विस्तार को नई दिशा मिलेगी। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना होगा।

प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने भी आगामी चुनाव में चार से छह विधायक जिताने का लक्ष्य दोहराया। सम्मेलन में वाराणसी, गोरखपुर और गाजीपुर से आए सैकड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में मंत्री जमा खान, सांसद कौशलेंद्र कुमार, सुनील कुमार, पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला, अजीत चौधरी, विधायक अमरेंद्र पांडेय, राहुल सिंह और पूर्व सांसद विजय मांझी समेत बिहार और उत्तर प्रदेश के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *