- छोटी नाव पर सवार थे 20 से 25 लोग, श्राद्ध का भोज खाने गंगा पार करते समय हुआ हादसा
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड की रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार रात गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की डूबकर मौत हो गई। मृतकों में 10 बच्चियां और तीन लड़के शामिल हैं। सभी की उम्र छह से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे के समय छोटी नाव पर 20 से 25 लोग सवार थे। इनमें सात लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) रेफर किया गया, जबकि एक अन्य का उपचार राघोपुर के स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बच्चों की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
श्राद्ध का भोज खाने जा रहे थे बच्चे
जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के यहां मंगलवार को श्राद्ध का भोज था। ग्रामीणों के मुताबिक, भोज में शामिल होने के लिए एक छोटी नाव पर 20 से 25 लोग सवार होकर गंगा पार कर रहे थे। इसी दौरान नदी के बीच में नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। नाव पर सवार लोग गंगा में डूबने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पानी में डूबे लोगों को बाहर निकाला गया और राघोपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने 13 बच्चों को मृत घोषित कर दिया। सात लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एनएमसीएच रेफर किया गया।
मौके पर पहुंचीं जिलाधिकारी
नाव दुर्घटना की सूचना मिलने पर वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताया। जिलाधिकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे नाव पलटने की सूचना मिली थी। नाव पर सवार लोग पास के गांव में भोज खाने जा रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाले सभी बच्चे छह से 15 वर्ष की उम्र के थे।
नाव हादसे में मृत बच्चों के नाम
- मीरा कुमारी — पिता रामनरेश राय
- निशु कुमारी — पिता सत्येंद्र राय
- अनिशा कुमारी — पिता सुरेंद्र राय
- सुनीता कुमारी — पिता राज किशोर राय
- आर्यन कुमार — पिता गांधी राय
- मोहन कुमार — पिता अखिलेश राय
- अमृता कुमारी — पिता राज किशोर राय
- अंकिता कुमारी — पिता राज किशोर राय
- पिंकी कुमारी — पिता डोमन राय
- नमन कुमार — पिता मुकेश राय
- सिकी कुमारी — पिता सुरेश राय
- भोनू कुमारी — पिता रामप्रवेश राय
- सोनम कुमारी — पिता नरेश राय
