बतरे नदी से जल लेकर सतबहिनी मंदिर पहुंचे श्रद्धालु, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई कलश स्थापना
अंबा (औरंगाबाद)। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को अंबा नवीनगर रोड स्थित सुरभि दुर्गा पूजा समिति का पूजा उत्सव भव्य कलश सह जलभरी यात्रा के साथ शुरू हुआ। मां दुर्गा के जयकारों, भक्ति गीतों और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत विद्वान धर्माचार्यों के निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं की टोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बटाने नदी तट पहुंची। वहां विधि-विधान से पवित्र जल भरा गया और कलश यात्रा प्रारंभ हुई। माथे पर कलश धारण किए श्रद्धालु भक्ति गीतों और मां दुर्गा के जयकारों के बीच सतबहिनी मंदिर पहुंचे। मंदिर में श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की।
इसके बाद कलश यात्रा वापस पूजा पंडाल पहुंची, जहां विधि-विधान से कलश स्थापना के साथ नवरात्र पूजा का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष सुनील प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष राजू गुप्ता, डॉ. लव कुमार वर्मा, अभय पाण्डेय, विक्की गुप्ता एवं अंश सोनी तथा सचिव पंकज गुप्ता सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
समिति के उपसचिव अंकित सोनी, मनीष कुमार एवं अमित यादव, कोषाध्यक्ष प्रभात गुप्ता, उपकोषाध्यक्ष गोलू गुप्ता, शुभम गुप्ता एवं सुमित सिंह, मीडिया प्रभारी आतिश सिंह, आईटी मीडिया प्रभारी अंकित कुमार (आदित्य) एवं शशी चौधरी, मुख्य पूजा प्रभारी पिंटू गुप्ता तथा पूजा प्रभारी रितेश सिंह एवं रजनीश सिंह ने आयोजन की व्यवस्था संभालने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कलश यात्रा के साथ नवरात्र महोत्सव के आगाज से अंबा में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में लीन हैं और पूजा पंडालों से लेकर प्रमुख मार्गों तक धार्मिक उल्लास की छटा देखने को मिल रही है।

