दाउदनगर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। लोजपा (रामविलास) पिछड़ा-अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह ओबरा के विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा ने दाउदनगर अनुमंडलीय अस्पताल में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर की शुरूआत के लिए बिहार सरकार की पिछड़ा-अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री सह औरंगाबाद की प्रभारी मंत्री रमा निषाद का आभार जताया है।
उन्होंने कहा कि दाउदनगर अनुमंडलीय अस्पताल में जो मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर शुरू हुआ है, वह पूरी तरह से स्टेट ऑफ आर्ट, एंटी माइक्रो बैक्टीरियल और इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल सिस्टम से लैस है। जिले में इस तरह का यह पहला मॉड्यूलर ओटी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस अस्पताल में पोस्टमार्टम हाउस और ब्लड बैंक की सुविधा भी शुरू कराई जाएगी, जिसके लिए प्रभारी मंत्री ने उन्हे आश्वस्त किया है।

डॉ. चंद्रा ने कहा कि उनके प्रयास से अस्पताल में 8 नए डॉक्टरों की नियुक्ति कराई गई है। साथ ही डायलिसिस की सुविधा भी शुरू हो गई है। पूरे बिहार में 105 जगहों पर डायलिसिस मशीनें लगाई गई हैं, जिसमें अकेले दाउदनगर में 5 मशीनें कार्यरत हैं। कहा कि आयुष्मान भारत कार्ड धारियों के लिए यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है, जबकि अन्य मरीजों के लिए रियायती दर पर सुविधा उपलब्ध है। विकास कार्यों का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि एनएच-139, बाईपास, मोख्तियारपुर, महुआंव और नारायणपुर में पुल निर्माण के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को स्वयं हस्तलिखित आवेदन दिया है और इसे डीपीआर के लिए संबंधित विभाग को भेजा गया है। इसके अलावा उनके विधानसभा क्षेत्र में 65 किमी. की लंबाई में एनएच-139 का मेंटेनेंस किया जा रहा है। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरो को बदलने का कार्य चल रहा है। दाउदनगर टाउन हॉल के नवीनीकरण का कार्य भी जल्द शुरू होगा। उन्होंने कहा कि जिला परिषद की जमीन पर माफियाओं द्वारा 25 अवैध दुकानों के निर्माण को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी को जांच के लिए पत्र लिखा है। एक सवाल के जवाब में विधायक ने कहा कि ओबरा- दाउदनगर सुदूर क्षेत्र है, सोन नदी के तट पर बसी सांस्कृतिक राजधानी है। इसके विकास के लिए उनके द्वारा हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और हम इसके लिए लगातार प्रयासरत हैं।
