पुलिस को देख कार छोड़ भागे तस्कर, 408 लीटर झारखंड निर्मित शराब बरामद

अंबा (औरंगाबाद)। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माली थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात पड़रिया रोड स्थित शिव मंदिर के समीप कार्रवाई करते हुए एक कार से 408 लीटर झारखंड निर्मित देशी शराब बरामद की। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर कार छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि कार से शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शिव मंदिर के पास घेराबंदी की। संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक समेत अन्य धंधेबाज वाहन छोड़कर अंधेरे में भाग निकले।

तलाशी के दौरान कार से ‘रॉयल झारखंड देशी शराब’ के 51 कार्टून बरामद किए गए। प्रत्येक कार्टून में 200 एमएल के 40 पाउच थे। पुलिस ने शराब के साथ कार को भी जब्त कर लिया है।

मामले में बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *