हाइड्रा ने साइकिल सवार वृद्ध को रौंदा, मौत से मचा बवाल, एनएच-139 जाम, वार्ता के बाद माने परिजन, हाइड्रा जब्त

अंबा, औरंगाबाद : अंबा-नवीनगर मुख्य पथ पर रविवार दोपहर दर्दनाक हादसे में एक वृद्ध की जान चली गई। दधपा गांव स्थित ब्रह्म स्थान के समीप ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण में लगी पीएनसी इंफ्राटेक कंपनी की हाइड्रा ने साइकिल सवार को कुचल दिया। मृतक की पहचान तमसी गांव निवासी 60 वर्षीय प्रमोद मेहता के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

Oplus_16908288

बताया जाता है कि प्रमोद मेहता साइकिल से तमसी से अंबा बाजार जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइड्रा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल प्रमोद को ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से रेफरल अस्पताल कुटुंबा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मुआवजे की मांग को लेकर पहले अंबा-नवीनगर पथ और फिर शव को अंबा चौक पर रखकर एनएच-139 को जाम कर दिया गया। जाम से सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई और घंटों आवागमन ठप रहा।

कंपनी द्वारा मुआवजे पर निर्णय में देरी से आक्रोश और बढ़ गया। बाद में कंपनी अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और परिजनों के बीच लंबी वार्ता के बाद सहमति बनी। इसके बाद जाम हटाया गया।

मृतक अपने पीछे दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। पुत्र का इसी वर्ष बिहार पुलिस में चयन हुआ था। घर में खुशी के बीच हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि हादसे में शामिल हाइड्रा जब्त कर लिया गया है। चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *