परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए हाई कोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में कमेटी, 2030 तक एक करोड़ युवाओं को रोजगार का लक्ष्य, जानिए गांधी मैदान से सीएम सम्राट की घोषाणाएं

पटना। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ध्वजारोहण किया और प्रदेशवासियों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, बिजली, कृषि, शहरी विकास, परिवहन और पर्यटन को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि 14 करोड़ बिहारवासियों की ऊर्जा और मेहनत से बिहार को समृद्ध तथा भारत को विकसित बनाने का संकल्प सरकार ने लिया है।

2030 तक एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार

मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए बड़ा लक्ष्य घोषित करते हुए कहा कि 2030 तक बिहार में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का काम सरकार करेगी। उद्योग को बढ़ावा देने के लिए नवंबर तक बिहार में करीब पांच लाख करोड़ रुपये का निजी निवेश लाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में 100 से अधिक औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए गए हैं और करीब 10 हजार एकड़ औद्योगिक भूमि चिह्नित की गई है। इसके अलावा 14,600 एकड़ नई औद्योगिक भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है।

25 चीनी मिलों का लक्ष्य, पांच अगले छह महीने में

गन्ना किसानों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 25 चीनी मिलें स्थापित करने का लक्ष्य है। इनमें 10 चीनी मिलें चालू हो चुकी हैं और अगले छह महीने में पांच और चीनी मिलों पर काम शुरू किया जाएगा। उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए बिहार में उत्पादित वस्तुओं की सरकारी खरीद में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की बात भी कही गई।

125 यूनिट मुफ्त बिजली, 25 लाख घरों में सोलर

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में बिजली की अधिकतम खपत 9,475 मेगावाट तक पहुंच गई है। सभी वर्गों के उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। बीपीएल परिवारों के करीब 4.85 लाख घरों में मुफ्त रूफटॉप सोलर लगाने की योजना है और 2027 तक 25 लाख घरों को सोलर रूफटॉप से जोड़ने का लक्ष्य है। किसानों को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

12 नई सैटेलाइट टाउनशिप और एयरपोर्ट का विस्तार

बिहार में 12 सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की योजना है। पटना में पाटलिपुत्र, सोनपुर में हरिहरनाथपुर, गया में मगध, दरभंगा में मिथिला, सहरसा में कोसी, पूर्णिया में पूरनदेवी, मुंगेर में अंग, सीतामढ़ी में सीतापुरम, भागलपुर में विक्रमशिला, रोहतास में डेहरी और छपरा में सारण टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इसके लिए HUDCO के माध्यम से करीब एक लाख करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर की योजना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में वर्तमान में चार एयरपोर्ट संचालित हैं। इसके अलावा छह नए एयरपोर्ट विकसित करने की योजना है। सभी जिलों में एयरस्ट्रिप या स्थायी हेलीपैड की व्यवस्था करने का लक्ष्य भी रखा गया है।

211 डिग्री कॉलेज, 551 मॉडल स्कूलों में मुफ्त कोचिंग

शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 जुलाई को एक साथ 211 डिग्री कॉलेज शुरू किए गए और इनमें 2,400 से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 551 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं। इनमें गरीब विद्यार्थियों के लिए IIT-JEE और NEET की मुफ्त तैयारी की व्यवस्था की जाएगी।

परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए हाई कोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने की घोषणा की गई। शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए उच्चस्तरीय समिति भी बनाई जाएगी।

17 अगस्त से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल

छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए 17 अगस्त से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल शुरू होगा। विद्यार्थी संस्थान, छात्रावास या कोचिंग से जुड़ी शिकायतें इस पोर्टल पर दर्ज करा सकेंगे और सरकार ने 30 दिनों के भीतर उनके निष्पादन का आश्वासन दिया है।

जिला अस्पतालों में 36 प्रकार की सर्जरी

स्वास्थ्य क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रखंडों के 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को बेहतर सुविधाओं से लैस किया जाएगा। जिला अस्पतालों में 36 प्रकार की सर्जरी सुनिश्चित की जाएगी और अनावश्यक रेफरल पर सख्ती होगी। 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।

किसानों के लिए सिंचाई का विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में सिंचित क्षेत्र 2005 के करीब 21 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 44 लाख हेक्टेयर हो गया है। कोसी-मेची लिंक परियोजना समेत कई सिंचाई योजनाओं पर काम चल रहा है। सोन नदी को फल्गु नदी से जोड़ने की कार्ययोजना बनाने की भी घोषणा की गई।

5,000 पुलिस दीदी की तैनाती

महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्कूल-कॉलेजों के आसपास पुलिस दीदी की तैनाती की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 5,000 मोटरसाइकिल और स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं। राज्य में 855 महिला हेल्प डेस्क कार्यरत हैं।

पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने हेली टूरिज्म को बढ़ावा देने की जानकारी देते हुए कहा कि पटना में 2,100 रुपये में हेलीकॉप्टर जॉय राइड की सुविधा दी जा रही है। सीतापुरम में करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से मां सीता के भव्य मंदिर की योजना और मोकामा में 10 एकड़ भूमि पर तिरुपति बालाजी मंदिर निर्माण की बात भी उन्होंने कही।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं—एक नजर में

  • 2030 तक एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार
  • नवंबर तक बिहार में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य।
  • बिहार में 25 चीनी मिलों की स्थापना; अगले छह महीने में पांच और शुरू करने का लक्ष्य।
  • 125 यूनिट मुफ्त बिजली और 2027 तक 25 लाख घरों में रूफटॉप सोलर।
  • बिहार में 12 सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी।
  • छह नए एयरपोर्ट और सभी जिलों में एयरस्ट्रिप/स्थायी हेलीपैड की योजना।
  • 211 डिग्री कॉलेज शुरू, 2,400 से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति।
  • 551 मॉडल स्कूलों में गरीब विद्यार्थियों के लिए IIT-JEE और NEET की मुफ्त कोचिंग
  • 17 अगस्त से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल, शिकायतों का 30 दिनों में समाधान।
  • जिला अस्पतालों में 36 प्रकार की सर्जरी और अनावश्यक रेफरल पर रोक।
  • 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर पर स्वास्थ्य सुविधा।
  • करीब 5,000 पुलिस दीदी को स्कूल-कॉलेजों के आसपास सुरक्षा के लिए लगाया जाएगा।
  • 10 एकड़ में मोकामा में तिरुपति बालाजी मंदिर का निर्माण।
  • सीतापुरम में मां सीता के भव्य मंदिर की योजना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *