नहर में गिरा स्कूल वाहन, कई छात्र घायल
अंबा, औरंगाबाद। बुधवार की सुबह तमसी मोड़ के समीप बच्चों से खचाखच भरी एक निजी विद्यालय की स्कूल वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी नहर में पलट गई। वैन गिरते ही उसमें सवार स्कूली बच्चों में चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 15 बच्चे घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई थी । हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और बच्चों को नहर से बाहर निकाला। ग्रामीणों की इस सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा अनर्थ होने से टल गया। घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार मामले में अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के अभिभावक कुटुंबा रेफरल अस्पताल और बाद में सदर अस्पताल पहुंच गए। बच्चों की हालत देखकर परिजनों में नाराजगी देखने को मिली। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल वाहन में तय क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
वाहन जब्त कर जांच शुरू
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मैजिक वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रारंभिक स्तर पर यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन कारणों से हुआ। इस हादसे के बाद एक बार फिर निजी स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था, फिटनेस और ओवरलोडिंग जैसे मुद्दे चर्चा में आ गए हैं।

