नवीनगर प्रखंड के टंडवा थाना क्षेत्र स्थित मोहरी ईटवा गांव में पांच वर्षीय मासूम सिद्धार्थ कुमार की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को अंबा चौक पर राष्ट्रीय राजमार्ग-139 जाम कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता की मांग की। पुलिस के अनुसार, 30 जून की सुबह प्रमोद सिंह चंद्रवंशी के पुत्र सिद्धार्थ कुमार के लापता होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ (सदर-1) के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर गांव के ही 20 वर्षीय निकेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बच्चे की हत्या कर शव को घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में छिपाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल की जांच एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने भी की। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतक की बहन के साथ हत्यारा का था अफेयर, कुछ दिन पहले मृतक की बहन को लेकर हत्यारा फरार हो गया था,इधर, परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए आरोप लगाया कि मामले को हल्का करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने अंबा चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे एनएच-139 पर कई घंटे तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर अंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से वार्ता की।अधिकारियों ने दो दिनों के भीतर मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
