औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले में राष्ट्रीय उच्च पथ सं०-139 (पुराना एनएच-98) पर स्थित बटाने पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला प्रशासन ने पुल से भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह मार्ग औरंगाबाद से झारखंड, छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश जाने वाले वाहनों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जाता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमण्डल, औरंगाबाद के कार्यपालक अभियंता द्वारा पुल के निरीक्षण के दौरान बटाने पुल में गंभीर तकनीकी खामियां पाई गईं। लगभग 225 मीटर लंबे इस पुल के विभिन्न गर्डरों में दरारें मिली हैं, वहीं बियरिंग पेडस्टल के पास भी क्षति देखी गई है। निरीक्षण के दौरान लिए गए स्थलीय फोटोग्राफ भी प्रशासन को उपलब्ध कराए गए।
संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए कार्यपालक अभियंता ने जिला प्रशासन को तत्काल भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की अनुशंसा की थी। इसके बाद औरंगाबाद की जिला पदाधिकारी एवं समाहर्त्ता अभिलाषा शर्मा ने तत्काल प्रभाव से आदेश जारी करते हुए पुल से केवल हल्के वाहनों के आवागमन की अनुमति दी है।
प्रशासन ने राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमण्डल को पुल के आसपास आवश्यक संकेतक बोर्ड एवं क्रैश बैरियर लगाने का निर्देश दिया है। साथ ही भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया गया है। अब भारी वाहन अम्बा से देव (एनएच-19) तथा अम्बा से बारूण भाया नवीनगर मार्ग से संचालित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभाग को पुल की शीघ्र मरम्मति सुनिश्चित करने और प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है। प्रशासन के इस फैसले से बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित होगी, लेकिन संभावित हादसों को रोकने के उद्देश्य से इसे जरूरी कदम माना जा रहा है।
