Bihar News: नशे की लत पूरा करने के लिए चोरी कर रहे किशोर, धान की बोरियां चुरा रहे तीन किशोरों को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ा, पुलिस को सौंपा

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। नशें की लत को पूरा करने के लिए नशेड़ी किशोर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे है। ऐसे ही तीन किशोरों को औरंगाबाद के नबीनगर प्रखंड में माली थाना क्षेत्र के सोनौरा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को देर रात रंगेहाथ पकड़ कर माली थाना की पुलिस के हवाले कर दिया।

ग्रामीणों ने किशोरों की निशानदेही पर बगल के गांव मिर्जापुर के विजय सिंह के राइस मिल में रखा चार बोरी चोरी का धान भी बरामद किया है। साथ ही ग्रामीणों ने किशोरों द्वारा चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली दो बाइक भी जब्त कर पुलिस को सौंपा है। पहले ग्रामीणों के हत्थे दो किशोर चढ़े। इसके बाद दोनों किशोरों ने अपने एक सहयोगी का नाम भी बताया है, जो गांव के खलिहानों में धान की बोरी रखे होने की उन्हे सूचना देता था। इस जानकारी के बाद ग्रामीणों ने तीसरे किशोर को भी पकड़ लिया। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस किशोरों को हिरासत में लेकर साथ ले गई। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

ग्रामीणों ने बताया कि सोनौरा गांव में पिछले कुछ दिनों से मोटर पंप और धान की हो रही चोरी से परेशान है। इसी वजह से वें चोरो को रंगेहाथ पकड़ने के लिए प्रयासरत थे। बुधवार को देर रात ग्रामीणों ने दो किशोर चोरों को उस वक्त रंगेहाथ पकड़ लिया, जब वें अपने-अपने साथ की बाइक पर धान की बोरी लाद कर ले जाने के फिराक में थे। पकड़े जाने पर दोनों किशोरों ने बताया है कि अभी कुछ देर पहले वें दो बोरी धान बाइक पर लाद कर ले गए है, जिसे उन्होंने बगल के गांव मिर्जापुर के विजय सिंह के राइस मिल में छिपा कर रख दिया है। दोनों ने अपने एक सहयोगी का भी नाम बताया और उसे भी ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने किशोरों की निशानदेही पर रात में ही मिर्जापुर के विजय सिंह के राइस मिल से चार बोरी धान बरामद किया। इसमें दो बोरी धान सोनौरा के युगल विश्वकर्मा का है, जबकि दो बोरी धान किसी और का है। बरामद चोरी की धान की बोरियों को ग्रामीणों ने रात होने के कारण राइस मिल मालिक को ही जिम्मेंनामा पर चोरी की धान की बोरियों को सौंप दिया। वही ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना पर रात में ही सदल बल मौके पर पहुंचे माली थाना के एएसआई प्रशांत कुमार ने ग्रामीणों के कब्जे से दोनों किशोरों को पुलिस हिरासत में थाना ले गई। ग्रामीणों का आरोप है कि चोरी करने वाले किशोर नशापान के आदी है। नशे की लत को पूरा करने के लिए ही इनके द्वारा चोरी की छोटी-छोटी घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। मामले में माली थानाध्यक्ष दीपक कुमार राय ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। पकड़े गए तीनों किशोरों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।