फसल रौंदे जाने पर चुप्पी साधनें वाले नेताओं को धूल चटायेंगे किसान
अंबा औरंगाबाद। भारत माला परियोजना के तहत निर्माणाधीन वाराणसी कोलकाता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे में अन्यायपूर्ण भूमि अधिग्रहण और लहलहाती फसलों को मुआवजा दिए बगैर रौंदे जाने से आक्रोशित सैकड़ों किसानों ने गुरुवार को कुटुंबा प्रखंड क्षेत्र के चिंतावन बिगहा गांव में बैठक की। बैठक की अध्यक्षता झरहा गांव निवासी प्रोफेसर जयराम सिंह तथा संचालन भाकियू के सदस्य राज कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के बिहार झारखंड प्रभारी दिनेश कुमार सिंह तथा संयुक्त किसान मोर्चा के नेता अशोक प्रसाद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
किसानों नें बैठक में एक तरफ विधायक राजेश राम का जमकर विरोध करते हुए चुनाव में धूल चटाने की बात कही वहीं दूसरी तरफ एनडीए उम्मीदवार का भी चुनाव में बहिष्कार करने की बात कही।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में सरकार हमारे साथ घोर अन्याय कर रही है। बिना मुआवजा दिए हमारे भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। हमारी लहलहाती फसलों को ट्रैक्टर और पोकलेन से रौंद दिया गया पर पक्ष-विपक्ष किसी पार्टी का कोई नेता हम किसानों के साथ खड़ा नहीं हुआ। आज वही लोग किसानों से वोट मांगते चल रहे हैं। बैठक में आये भाकियू के प्रदेश प्रभारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि हमारे किसान भाइयों ने इस विधानसभा के सबसे बड़े मुद्दे भूमी अधिग्रहण को लेकर विधायक राजेश राम को आवेदन देते हुए आग्रह किया था कि वो हमारे मुद्दे, हमारे सवालों को विधानसभा के पटल पर रखें परंतु उन्होंने ना तो कभी इस मुद्दे को सदन में उठाया और ना मीडिया में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने शंका व्यक्त करते हुए कहा कि राजेश राम अपने विधानसभा के सबसे बड़े मुद्दे को सदन में नहीं रखा। इससे स्पष्ट होता है कि उन्होंने भूमि अधिग्रहण के विरुद्ध ना बोलने के लिए कंपनी के साथ लेनदेन कर समझौता कर लिया। संयुक्त किसान मोर्चा के नेता अशोक प्रसाद सिंह ने बताया कि किसानों के लिए एक तरफ एनडीए सांप नाथ हैं तो दूसरी तरफ महागठबंधन नागनाथ है। हम किसानों के साथ कोई पार्टी या नेता इसलिए खड़ा नहीं होता कि किसान अन्नदाता, जीवनदाता तो हैं पर वो वोट दाता नहीं है। वोट देते समय किसान कभी हिंदू, कभी मुसलमान तो कभी राजपूत, भूमिहार, वैश्य, दलित बन जाता है। हम किसानों को वोट देते समय किसान बनना होगा तब ये सारे नेता हमारे तलवे चाटेंगे ।
भाकियू जिला संयोजक वशिष्ठ प्रसाद सिंह ने बताया कि किसानों के साथ जिस प्रकार से पक्ष – विपक्ष अन्याय कर रहे हैं हो सकता है आने वाले इस चुनाव में कुटुम्बा विधानसभा के प्रभावित चालीस गांव वोट बहिष्कार कर दें। बैठक में अवधेश सिंह, अखिलेश सिंह, सुनील सिंह, अनिल सिंह, बिजेंद्र मेहता, भोला पांडेय, गया पांडेय, अजय पांडे, बबन पांडेय, शंकर पांडेय, विक्की सिंह, भोला सिंह, ओमकार सिंह, दिनेश सिंह , संजय सिंह समेत सैकड़ों किसान उपस्थित थें।
