औरंगाबाद में भोजपुरी सिंगर अक्षरा सिंह और अनुपमा यादव के कार्यक्रम में शुक्रवार को हंगामा हो गया। एक्ट्रेस और सिंगर अक्षरा सिंह जैसे ही स्टेज पर आकर ‘नजर न लग जाए, हुस्न की कोठी में’ गाना शुरू किया, भीड़ बेकाबू हो गई।
लोग वीडियो बनाने के लिए स्टेज के पास लगे बैरिकेडिंग की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की कुछ लोगों कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। इस दौरान मौजूद पुलिस और स्टेज से एक्ट्रेस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ नहीं मानी।

इसके बाद भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। बताया जा रहा है कि लाठीचार्ज के दौरान भीड़ ने पुलिस से हाथापाई भी की। बवाल बढ़ता देख एक्ट्रेस अक्षरा सिंह और सिंगर अनुपमा यादव स्टेज से उतरकर चली गईं।
भाजपा नेता व पूर्व विधान पार्षद के शादी के सालगिरह पर था कार्यक्रम
दरअसल, औरंगाबाद के गेट स्कूल के मैदान में शुक्रवार को पूर्व एमएलसी राजन सिंह और उनकी पत्नी ममता सिंह की शादी की 25वीं सालगिरह थी। इस मौके पर राजन सिंह ने भोजपुरी कलाकारों को बुलाया था, जिसमें अक्षरा सिंह, पूर्व मंत्री विनय बिहारी, भोजपुरी गायक गोलू राजा, अनुपमा यादव, माही मनीषा समेत अन्य कलाकार शामिल थे।
20 हजार से अधिक लोग पहुंचे
अक्षरा सिंह और अन्य भोजपुरी कलाकारों का प्रोग्राम देखने के लिए करीब 20 हजार लोग गेट स्कूल के मैदान में पहुंचे थे। हालांकि, कार्यक्रम का आयोजन दोपहर से ही शुरू हो गया था, जहां लोग पहुंचकर पूर्व एमएलसी को बधाई दे रहे थे। वहीं, शाम को भोजपुरी कलाकारों का प्रोग्राम रखा गया था। राजन सिंह राजनीति में आने से पहले पेशे से ठेकेदार थे। उन्होंने साल 2011 में पॉलिटिक्स में एंट्री की थी। उनकी पत्नी ममता देवी, देव की प्रमुख रह चुकी हैं। राजन सिंह साल 2015 में भाजपा में शामिल हुए थे और एमएलसी चुनाव जीत थे। राजन सिंह ने इस बार विधानसभा चुनाव लड़ने का दावा भी किया है।
(आप हमें Facebook, X, Instagram और Youtube पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. Whatsapp channel से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)