पटना। बिहार सरकार में भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने बुधवार को अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भेज दिया। दिलीप जायसवाल वर्तमान भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। जायसवाल के इस्तीफे के बाद बिहार में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बताया जा रहा है शाम चार बजे राजभवन में आज ही एनडीए के मंत्री मंडल का विस्तार होगा। राजभवन में कार्यक्रम को लेकर चहल पहल भी बढ़ गई है।

दिलीप जायसवाल ने इस्तीफे की वजह भी बताई
इस बीच दिलीप जायसवाल ने इस्तीफे की वजह भी बताई है। उन्होंने कहा कि’एक व्यक्ति, एक पद’ वह सिद्धांत है जिस पर पार्टी काम करती है, मैं भी उसी पर चलूंगा। मैं आभारी हूं कि केंद्रीय नेतृत्व ने मुझे पार्टी की राज्य इकाई की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट विस्तार सीएम का विशेषाधिकार है और वह निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं। जल्द ही कैबिनेट विस्तार को लेकर डिटेल में जानकारी दी जाएगी।

भाजपा कोटे के सात मंत्री बनेंगे
जानकारी के मुताबिक भाजपा के 7 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। JDU कोटे से कई नया मंत्री नहीं होगा। शपथ लेने वाले विधायकों को राजभवन से फोन आने शुरू हो गए हैं। एक विधायक ने बताया कि देर रात ही दिलीप जायसवाल ने 7 विधायकों को कॉल कर पटना आने के लिए बोल दिया था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दिया। उन्होंने CM नीतीश कुमार को अपना इस्तीफा सौंपा। अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ मंत्रियों की लिस्ट लेकर राजभवन पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल के प्रधान सचिव को शपथ लेने वाले विधायकों की लिस्ट सौंपी।
इन विधायकों के मंत्री बनने की चर्चा
आज होने वाले मंत्री मंडल विस्तार में पूर्व मंत्री दरभंगा जिले के जाले से विधायक जीवेश कुमार, भाजपा विधायक राजू सिंह, विजय मंडल, सुनिल कुमार, कृष्ण कुमार मंटू व संजय सरावगी के नाम की चर्चा है।
(आप हमें Facebook, X, Instagram और Youtube पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. Whatsapp channel से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)