बिहार में अराजकता फैलाने व नौकरी छीनने वाले नही देंगे रोजगार: नड्डा

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज़ 18)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने बिहार से हुए पलायन के लिए राजद को दोषी करार दिया तथा लालू और राबड़ी के शासन को अराजकता वाला शासन बताते हुए कहा कि आरजेडी वाले वही लोग हैं, जिन्होंने बिहार में अराजकता फैलाई थी। प्रदेश में अपहरण उद्योग चलाया। प्रदेश के लोगों को पलायन के लिए मजबूर किया। उन्होंने सवाल किया कि अराजकता फैलाने वाले क्या बिहार का विकास करेंगे? श्री नड्डा ने सोमवार को यहां चुनावी सभा में राजद को निशाने पर लेते हुए कहा कि नौकरी छीनने वाले लोग आज नौकरी देने की बात कर रहे हैं। वो कभी नौकरी नहीं देंगे। वाम दलों के गठबंधन में शामिल होने को उन्होंने विध्ंवस बताया। बीते वर्षों में हुए नरसंहारों का जिक्र कर पूछा कि क्या आपको वही सरकार चाहिए। उन्होंने राजग की सरकार में बिहारी अस्मिता को बढ़ावा मिलने का दावा किया। उन्होंने कहा कि लालू सरकार के कार्यकाल में अराजकता का माहौल था। लूट व भ्रष्टाचार से व्यवसायियों का पलायन हुआ। आज अपराध, भय व भ्रष्टाचार को मिटाकर नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार खोया हुआ गौरव प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों की सेवा उसी से संभव जिसका 56 इंच का सीना हो. मोदी के हाथ में जैसे देश सुरक्षित है, वैसे ही बिहार को नीतीश के हाथ में सुरक्षित रखना है।