मुड़ियार में 1008 कुंडीय अति लक्ष्मी नारायण महायज्ञ आरंभ, यज्ञ स्थल में बह रही धर्म-अध्यात्म की गंगा

डिहरी ऑन सोन(रोहतास)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला प्रखंड के नावाडीह मुड़ियार गांव में मंगलवार से 1008 कुंडीय अति लक्ष्मी नारायण महायज्ञ सह अखिल भारतीय धर्म सम्मेलन आंरभ हो गया।

यज्ञ का समापन 5 नवम्बर को महाभंडारा के साथ किया जाएगा। यज्ञ का शुभारंभ भव्य शोभा कलश यात्रा से की गई। इस दौरान हजारो श्रद्धालुओं ने आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र कलश में जल भरा। इसके बाद हाथी, घोड़ा, ऊंट और गाजे बाजे के साथ जल यात्रा सह कलश यात्रा निकली। शोभा कलश यात्रा में शामिल हजारो नर नारी माथे पर कलश लेकर पांच किमी. की पदयात्रा करते हुए मुड़ियार गांव स्थित यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां बने 1008 कुंडों के चारो ओर कलश को जल समेत स्थापित किया।

इसके बाद यज्ञ स्थल से वैदिक मंत्रोच्चार गुंजने लगे। लोग भक्तिभाव और यज्ञ वेदी की चारो ओर से परिक्रमा करने लगे। वातावरण धर्म और अध्यात्ममय हो गया।

यज्ञ के मुख्य आयोजक व एलजेपीआर के प्रदेश महासचिव राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह ने बताया कि यज्ञ का आयोजन जन सहयोग से किया जा रहा है।

यज्ञ में सिर्फ उनके पंचायत के ही नही बल्कि आसपास के पंचायतों और गांवों के ग्रामीणों ने भरपूर सहयोग किया।

सभी के सहयोग से ही स्वामी सुंदर राज जी महाराज उर्फ यति राज जी महाराज के नेतृत्व में विश्व कल्याण की कामना से अति लक्ष्मी नारायण महायज्ञ आयोजित हो रहा है। यज्ञ के दौरान रात्रि में नियमित रूप से प्रतिदिन स्वामी जी का प्रवचन हो रहा है। साथ ही बाहर के उत्कृष्ट कलाकारों द्वारा रासलीला की भी प्रस्तुति दी जा रही है।