ट्रेन से गिरकर युवक घायल, रेफर

रफीगंज(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। गुरारू-इस्माइलपुर स्टेशन के बीच डुमरा गेट के पास बुधवार को चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक गभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में गया-पंडित दीनदयाल उपाध्याय पैसेंजर से रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर घायल को इलाज के लिए भर्ती कराया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया।

घायल की पहचान रफीगंज प्रखंड के ओडियाचक गांव निवासी अशोक यादव के 20 वर्षीय पुत्र भीम कुमार के रूप में की गई है। इसी गांव के सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. तुलसी यादव ने बताया कि वह गुरारू बाजार करने गया था। सुबह वाली गया-पंडित दीनदयाल उपाध्याय पैसेंजर ट्रेन से अपने गांव ओडियाचक आने के लिए इस्माइलपुर स्टेशन उतरने वाला था। इसी बीच ट्रेन में भीड़ भाड़ होने के कारण गेट के पास आया। झटका लगने से नीचे गिर गया। डॉक्टर ने बताया कि एक पैर कट चुका है। दूसरा पैर भी घायल है और सर में भी चोट लगी है। उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। इधर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।