एमएलसी चुनाव की वोटिंग 4 अप्रैल को, पूर्व संध्या पर एडीएम ने निर्वाचन टीम को किया ब्रीफ

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बिहार विधान परिषद के औरंगाबाद स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र संख्या-04 के चुनाव हेतु 4 अप्रैल को 8.00 बजे पूर्वाहन से लेकर 4.00 बजे अपराह्न तक मतदान प्रक्रिया निर्धारित की गई है। जिले में स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कार्य समाप्त संपादित कराने हेतु संपूर्ण जिला को 11 जोन एवं 2 सुपर जोन में विभक्त किया गया है। इन 11 जोन में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं क्विक रिस्पॉन्स टीम की प्रतिनियुक्ति की गई है।

इसी क्रम में रविवार को अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा ने सभी सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, पीसीसीपी, पोलिंग पार्टी एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की। अपर समाहर्ता द्वारा दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, एवं सभी जोनल मजिस्ट्रेट को मतदान के दौरान क्षेत्र में सतत भ्रमण सिल रहकर विधि व्यवस्था संधारण हेतु आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान सिविल सर्जन द्वारा एक-एक एंबुलेंस जिसमें चिकित्सक दल एवं संबंधित स्टाफ प्रतिनियुक्त होंगे, को जिला नियंत्रण कक्ष औरंगाबाद एवं अनुमंडल मुख्यालय दाउदनगर में प्रतिनियुक्त किया गया है। जो आवश्यक मेडिसिन कीट एवं मेडिकल उपकरणों के साथ उपस्थित रहेंगे।

बताया गया कि इस दौरान हर जोनल दंडाधिकारी के साथ दो पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। जो किसी भी स्तर से प्राप्त होने वाली शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करेंगे एवं गश्ती दल दंडाधिकारी के साथ मतदान के दिन लगातार संपर्क बनाए रखेंगे तथा शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान प्रक्रिया का संचालन सुनिश्चित कराएंगे। ब्रीफिंग में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी गोविंद चैधरी, जिला भू अर्जन पदाधिकारी मनोज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी विजयंत, दाउदनगर अनुमंडल पदाधिकारी कुमारी अनुपम सिंह, सदर डीसीएलआर अविनाश कुमार सिंह, दाउदनगर डीसीएलआर संजय कुमार, अपर अनुमंडल पदाधिकारी मालती कुमारी, अपर अनुमंडल पदाधिकारी प्रियव्रत रंजन, वरीय उप समाहर्ता कृष्णा कुमार, वरीय उप समाहर्ता अमित कुमार सिंह, वरीय उप समाहर्ता आलोक राय, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी दाउदनगर, उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल, एसडीपीओ दाउदनगर कुमार ऋषि राज एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।