जविप्र डीलर के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को ले ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, फेसर थानाध्यक्ष का फूंका पुतला

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। जविप्र डीलर हत्याकांड का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस कांड के अभियुक्तों की गिरफ्तारी नही होने के विरोध में सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने फेसर थानाध्यक्ष का न सिर्फ पुतला फूंका बल्कि उनके खिलाफ जमकर हंगामा व नारेबाजी भी की।

गौरतलब है कि 12 अप्रैल को फेसर थाना क्षेत्र के बसडीहा कला गांव में मामूली विवाद को लेकर डीलर बूढ़ा सिंह की कुछ लोगों ने जमकर पिटाई कर दी थी। डीलर गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। स्थानीय अस्पतालों में प्रारंभिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया था। इसी क्रम में शुक्रवार को पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के बावजूद अभी तक अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीण आंदोलन करने की तैयारी में जुट गए हैं।

सोमवार को सड़क पर आगजनी कर थानाध्यक्ष को हटाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस कांड के सभी अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। अगर जल्द गिरफ्तारी नही होगी तो आगे और उग्र आंदोलन करने पर हम सभी ग्रामीण बाध्य होंगे। वहीं सूत्रों की माने तो उक्त थानाध्यक्ष पर जातीय पक्षपात करने का भी ग्रामीणों ने आरोप लगाया है। इस मामले में फेसर थानाध्यक्ष प्रणव कुमार ने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजनों ने मारपीट के 6 आरोपियों को नामजद अभियुक्त बनाया है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।