नल जल योजना में धांधली को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

गोह(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। गोह प्रखंड के झिकटिया पंचायत के वार्ड नम्बर-8 में नल-जल योजना के तहत किए गए कार्य में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने वरीय अधिकारियों से पंचायत की नल-जल योजना सहित तमाम योजनाओं की जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व ग्रामीण संजन कुमार ने किया। इस दौरान पूर्व वार्ड सदस्य मुर्दाबाद सहित कई नारे भी लगाए जा रहे थे। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण सुरेंद्र प्रसाद, बीरेंद्र बिंद, महेंद्र साव, गुप्त बिंद, वार्ड-8 के सदस्य शम्भू कुमार, रामु बिंद, गोविंद कुमार, गुड्डू कुमार, शशि कुमार, उदय बिंद, धनराज बिंद, राकेश कुमार, महरजिया देवी,सिमपिया देवी,बबिता देवी,अनिता देवी,गीता देवी,देव् रतनी देवी,अंजू देवी,महेश्वरी देवी,फूलनी देवी, आशा देवी, पुनिया देवी सहित दर्जनों लोगों ने आरोप लगाया कि झिकटिया पंचायत के वार्ड संख्या-आठ में नल-जल योजना का कार्य पूरा नहीं किया गया है।

वार्ड में नल-जल योजना अंतर्गत कार्य कराने के लिए सरकारी खजाने से तीन साल पूर्व ही चैदह लाख रुपए की राशि की निकासी कर ली गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 6 माह पूर्व ही पानी टंकी हवा से गिर गया था जिसकी शिकायत कई बार अधिकारियों के पास करने के बाद भी आज तक टंकी को नही लगाया गया। इसके कारण आज तक ग्रामीणों को लाभ नही मिल रहा है। प्रदर्शन के दौरान दिव्यांग महिला देवरतनी देवी ने पूर्व वार्ड सदस्य दयानंद बिंद पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब मेरे घर मंे पूर्व वार्ड सदस्य मिस्त्री को लेकर नल का पाइप लगाने आया तो कहा कि 25 फीट ही पाइप लगाया जायेगा। ज्यादा दूरी लगाने के बाद पैसा लगेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 7 फीट की दूरी पर लगाने में तीन सौ रुपये पूर्व वार्ड सदस्य ने मिस्त्री को दिलवाया। इसकी शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नही हुई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिला प्रशासन पंचायत में हुए सभी विकास कार्यों की जांच कराए और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करे। नही तो हमलोग प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर धरना पर बैठेंगे। इससे भी अगर कार्रवाई नही हुई तो जिला मुख्यालय में समाहरणालय पर प्रदर्शन करेंगे। इस सबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार से बात किया गया तो उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है। जांच कराते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।