औरंगाबाद में राजस्व कर्मचारी को रिश्वत लेते निगरानी की टीम ने उठाया


औरंगाबाद: औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड में निगरानी विभाग ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी प्रमोद कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। प्रमोद सोनहुली और ऊब ग्राम पंचायतों में राजस्व कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। इस मामले में डाटा ऑपरेटर समेत दो अन्य व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

परिमार्जन प्लस के लिए मांगी थी मोटी रकम

जानकारी के मुताबिक, मानिकपुर गांव के किसान दारोगा सिंह के बेटे उदय कुमार परिमार्जन प्लस के लिए राजस्व कर्मचारी से संपर्क में थे। प्रमोद ने इस काम के लिए शुरू में 1.75 लाख रुपये की मांग की थी। लंबी बातचीत के बाद 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।

शिकायत पर निगरानी विभाग सक्रिय

उदय कुमार ने पटना में निगरानी थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद निगरानी की टीम ने प्रमोद की गतिविधियों पर नजर रखी। मंगलवार को उदय ने 20 हजार रुपये टिफिन बॉक्स में रखकर ओबरा अंचल कार्यालय के नजदीक आधुनिक अभिलेखागार डाटा सेंटर में प्रमोद को सौंपे।

रंगे हाथ धराया कर्मचारी

उसी समय डीएसपी विकास कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में निगरानी की छह सदस्यीय टीम ने छापा मारकर प्रमोद को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। पहले तो प्रमोद ने पैसे लेने से इनकार किया, लेकिन सख्ती के बाद उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

निगरानी डीएसपी का बयान

डीएसपी विकास कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत के आधार पर सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। इस कार्रवाई ने क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती का स्पष्ट संदेश दिया है।