वायु प्रदूषण से औरंगाबाद में बेमौसम कोहरे से हो रही सुबह की शुरुआत : डॉ अनूप चौबे

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद जिले में इस बार मौसम कुछ अलग दिख रहा है। चिलचिलाती गर्मी के मौसम में भी सुबह की शुरुआत कोहरे से हो रही है। 3-4 दिनों से ऐसी स्थिति बनी हुई है। रविवार की सुबह मौसम के मिजाज ने फिर करवट ली। सुबह 5 बजे के पहले मौसम साफ था लेकिन 5 बजे के बाद कोहरा छाने लगा। कुछ इलाकों में 5 बजे के बाद भी कोहरा दिखा। कोहरा करीब दो घंटे तक रहा।

प्रदूषण सहित कई कारणों से लग रहा कोहरा-

कृषि विज्ञान केन्द्र, सिरिस के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनूप कुमार चौबे ने बताया कि हवा की दिशा पूर्वी और दक्षिण पूर्वी है। इसके कारण हवा में आर्द्रता की मात्रा अधिक है। दिन में तेज धूप होने के कारण वाष्प में बदल जाती है। जबकि रात में खासकर सुबह के समय तापमान कम होने से कोहरा का रूप ले लेते हैं। साथ ही वायु प्रदूषण की स्थिति भी जस की तस बनी हुई है।

खासकर सड़क आदि निर्माण का काम चलना, खाली पड़े खेतो से, नदी के क्षेत्र से भी काफी धूलकण हवा में होते हैं। वहीं गांवों में फसल की हार्वेस्टिंग और थ्रेसिंग का काम भी तेजी से चल रहा है जिसके कारण वायु प्रदूषण बढ़ा है। इस कारण से भी कोहरा सुबह मे घना रुप ले रहा है। आगामी पांच दिनों मे गर्मी से राहत मिलने की संभावना नही है तथा 4 से 8 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 38 से 40 और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।