अज्ञात वाहन ने मारी बाइक में टक्कर, भाई-बहन घायल

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-139 औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ पर ओबरा थाना क्षेत्र में देवकली गांव के पास शुक्रवार को दोपहर में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनो को इलाज के लिए ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताते हुए औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में दोनो का इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।

घायल भाई-बहन की पहचान रफीगंज के सनोज कुमार एवं अनु कुमारी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि दोनों भाई-बहन बाइक से रफीगंज से दाउदनगर के जा रहे थे। रास्ते में देवकली गांव के पास दोनो हादसे के शिकार हो गए।