औरंगाबाद में वज्रपात से दो की मौत

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। औरंगाबाद जिले में शुक्रवार को वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को हुई बारिश के दौरान वज्रपात गिरने से औरंगाबाद मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पवई गांव में एक किसान की मौत हो गई। वहीं दाउदनगर के भाव बिगहा में एक मजदूर की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दाउदनगर थाना क्षेत्र के भाव बिगहा में मजदूर की मौत बधार में शौच के करने के दौरान हुई।

मृतक की पहचान मोहन राम के बेटे रमेश कुमार (40) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रमेश सुबह में मजदूर शौच करने के लिए गया था, तभी वह वज्रपात की चपेट में आ गया, जिसके कारण झुलसकर उसकी मौत हो गई। देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को शक हुआ। लिहाजा परिजन ढूंढते हुए बधार पहुंचे, जहां देखा कि वह बेहोश पड़ा है। तत्काल उसे उठाकर दाउदनगर अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। डाॅक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पवई गांव में एक किसान की मौत हो गई। मृतक 30 वर्षीय पंकज कुमार मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पवई गांव निवासी सुदर्शन चंद्रवंशी का बेटा था। जानकारी के अनुसार किसान को धान का बिछड़ा बोना था। लिहाजा वह खेत तैयार करने में लगा था। तभी बारिश शुरू हो गई, लेकिन बारिश में भी वह खेत में काम करता रहा। घर नहीं लौटा। इतने में तेज गलत के साथ उसके ऊपर वज्रपात गिर गया। जिसके कारण झुलसकर वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।