दुल्हा बनने से दो दिन पहले सड़क हादसे में दो सगे भाई घायल, हालत गंभीर, रेफर, दोनों की एक ही दिन होनी थी शादी

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। दो दिन बाद दुल्हे के लिबास में बन-ठन अपनी दूल्हनियां को लाने बारात ले जाने वाले दो सगे भाई बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनो को औरंगाबाद सदर अस्पताल में उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर किया गया है, जहां दोनो जीवन और मौत से जूझ रहे है।

घटना बिहार की सीमा से सटे झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना के पथरा गांव की है। बताया जाता है कि पथरा गांव में चेतन भुइयां के दो बेटो की शादी के लिए 13 मई को बारात निकलने वाली थी। बड़े भाई सोनू की बारात पलामू जिले के पिपरा थाना के जीतपुर और छोटे भाई धीरेंद्र की बारात बिहार के गया जिले के डुमरिया थाना के मैगराडीह जानेवाली थी। घर में की खुशी का माहौल था। लोग शादी की तैयारी में मशगूल थे। घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे। इस बीच शादी की सारी खुशियां अचानक से हवा हो गई और माहौल गमगीन हो गया। दोनो भाई बाइक से बुधवार को सुबह 8 बजे शादी का कपड़ा खरीदने हरिहरगंज बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बेलाघाट के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे सड़क के खड्ड में जा गिरे। दोनो भाई पथरीले खड्ड में गिरने से लहुलुहान हो गये और उन्हे गहरी और गंभीर चोटे आई है। दोनो की हालत बेहद नाजुक बताई जाती है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगो के सहयोग से दोनों सगे भाईयों को इलाज के लिए हरिहरगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सको ने दोनो को प्रारंभिक उपचार के बाद नजदीक होने के कारण बिहार के औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। औरंगाबाद सदर अस्पताल में डॉक्टरो ने इलाज के बाद दोनो की हालत नाजुक बताते हुए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर किया गया है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दोनो भाई जीवन और मौत से संघर्ष कर रहे है। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों भाईयों की स्थिति बेहद गंभीर है। दोनो सगे भाईयों के सड़क हादसे में घायल होने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। माना जा रहा है कि दोनो भाईयों के ठीक होने तक शादी स्थगित की जा सकती है।