दो दिवसीय विष्णुधाम महोत्सव का शुभारंभ आज, समाज की कई हस्तियों का भी होगा सम्मान

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद प्रखंड के जम्होर में पुनपुन-बटाने नदी के संगम स्थल पर स्थित सुप्रसिद्ध विष्णु धाम मंदिर को देश-दुनिया में प्रसिद्धि दिलाने के उद्देश्य से जन सहयोग से 25-26 फरवरी को पहली बार आयोजित होने वाले दो दिवसीय विष्णुधाम महोत्सव की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी है।

महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 25 फरवरी को प्रातः आठ बजे भगवान विष्णु के षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना से किया जाएगा। यह पूजा आचार्य छोटे लाल गौड़ के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होगी। इसके बाद 11 बजे महोत्सव का विधिवत उद्घाटन काराकाट के सांसद महाबली सिंह के कर कमलों से संपन्न होगा। उदघाटन सत्र में शामिल होने के लिए जिले के सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षद, पूर्व विधायक, जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पार्षद, बारूण के प्रमुख-उप प्रमुख, औरंगाबाद नगर परिषद के मुख्य पार्षद व उप मुख्य पार्षद, केंद्रीय सहकारिता बैंक के अध्यक्ष एवं भोपतपुर व जम्होर पंचायत के मुखिया-सरपंच आदि प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। महोत्सव के प्रथम दिन ही छात्रों के लिए रंगोली एवं पेंटिग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया गया है। साथ ही उद्घाटन सत्र की समाप्ति के बाद विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया है, जिसमें प्रमुख वक्ता के रूप में वरीय पत्रकार कमल किशोर, प्रेमेन्द्र मिश्रा, सिंहा कॉलेज के हिंदी विभाग के सेवानिवृत विभागाध्यक्ष प्रो. सिद्धेश्वर प्रसाद सिंह, भूगोल विभाग के अध्यक्ष प्रो.(डॉ.) रामाधार सिंह, कन्या उच्च विद्यालय अम्बा के सेवानिवृत प्रधानाध्यापक डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद मिश्र, टाउन इंटर स्कूल, औरंगाबाद के सेवानिवृत शिक्षक शिव नारायण सिंह, प्रो. संजीव रंजन, अधिवक्ता सिद्धेश्वर विद्यार्थी, अजीत कुमार सिंह एवं डॉ. सुरेश विद्यार्थी आदि भाग लेंगे। संगोष्ठी के बाद सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगा। श्री सिंह ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन 26 फरवरी को प्रातः9 बजे भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया है, जो अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन परिसर से निकलकर जम्होर के दुर्गा मैदान तक जाएगी। वही दुर्गा मैदान के मुख्य मंच पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया है जिसमे जिले के कलाकार शामिल होंगे। कलाकारों के कला प्रदर्शन के बाद लोकगीत, लोकनृत्य, समूह गान आदि विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को मोमेंटो एवं प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया जाएगा। इसके बाद अपराह्न 3 बजे से जिले के प्रमुख सांस्कृतिक संगठनों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसके प्रभारी डॉ. निरंजय कुमार बनाये गए हैं।

इसके अलावा शाम 6 बजे से सम्मान समारोह आयोजित किया गया है जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के जम्होर के अलावा जिले के साठ से अधिक लोगों को सम्मानित किया जाएगा। जम्होर से सम्मानित होने वालों में भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी व सीबीआई(अनुसंधान) के ज्वाइंट डायरेक्टर विनीत विनायक, न्यूज-18 के बिहार-झारखंड ब्यूरो चीफ प्रभाकर कुमार, सेवानिवृत्त कार्यपालक अभियंता अरुण कुमार सिंह, भारतीय रेल सेवा के निर्मल कुमार, वरीय उप समाहर्ता राम रंजन सिंह, भारतीय रेल सेवा के आलोक कुमार, चार्टर्ड एकाउंटेंट चंदन कुमार गुप्ता, बिहार लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य स्व. विंदेश्वरी सिंह(मरणोपरांत), प्रसिद्ध सर्जन स्व. डॉ. घनश्याम अग्रवाल(मरणोपरांत), पूर्व विधायक स्व. रघुवंश नारायण सिंह(मरणोपरांत), पूर्व विधान पार्षद स्व. सूरज नारायण सिंह(मरणोपरांत), स्वतंत्रता सेनानी परिवार से गया जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष स्व. मिथिलेश कुमार सिंह(मरणोपरांत), स्व. राजदेव सिंह(मरणोपरांत), स्व. बेचू प्रजापति(मरणोपरांत), स्व. छेदी स्वर्णकार(मरणोपरांत), स्व. राम केवल राम(मरणोपरांत), स्व. देवीदयाल अग्रवाल(मरणोपरांत), औरंगाबाद जिले के सामाजिक संगठनों में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन सतीश कुमार सिंह, दाउदनगर के समाजसेवी प्रकाश चंद्रा, रोटरी क्लब दाउदनगर के शिक्षाविद डॉ. शंभूशरण सिंह, आर्यन नाट्य परिषद के अध्यक्ष, सिद्धेश्वर विद्यार्थी, भारतीय जीवन बीमा निगम अभिकर्ता संघ के अध्यक्ष महाबीर जैन, सेवा समिति औरंगाबाद के अध्यक्ष, रक्तदान सेवा शिविर के अध्यक्ष, सरस्वती आराध्य समिति के अध्यक्ष, नीलकंठ सेवा समिति के अध्यक्ष, सरस्वती उपासना समिति, कुमार प्रिंस क्लब जम्होर,गायत्री परिवार जम्होर, युवा सामाजिक संस्था जम्होर, गांधी सेवा संस्थान जम्होर, न्यू स्टार क्लब जम्होर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जम्होर, अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन के प्रबंधक अरविंद शर्मा, जम्होर थानाध्यक्ष, श्रीमती कविता विद्यार्थी, महोत्सव आयोजित करने वाले व्यक्तियों में अम्बे महोत्सव से दो, गजना महोत्सव से दो, देव महोत्सव से दो, पुनपुन महोत्सव टंडवा से दो एवं पुनपुन महोत्सव जीवनबाग जम्होर से दो अतिथियों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह में जिलाधिकारी, आरक्षी अधीक्षक एवं जिले के अन्य वरीय पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। सम्मान समारोह की समाप्ति के बाद 7 बजे से कवि सम्मेलन होगा, जिसका संचालन प्रसिद्ध उदघोषक एवं कवि शंकर कैमूरी करेंगे। कवि सम्मेलन कवयित्री पूनम श्रीवास्तव, हास्य कवि सलीम शिवालवी आदि कवि अपनी प्रस्तुति देंगे। सभी कार्यक्रम कोरोना के दिशा निर्देशों के अनुरूप होंगे। सभी आगंतुक अनिवार्य रूप से मास्क लगाएंगे एवं सोशल डिस्टेंसिग का पालन करेंगे।