मकान बेचने की चल रही थी बात, मालिक अचानक से हुआ गायब, बेटे ने अनहोनी की आशंका जताते हुए दर्ज करायी प्राथमिकी

नबीनगर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। नबीनगर थाना क्षेत्र के जनकपुर पोखरा स्थित एक घर की बिक्री की बात चल रही थी। घर बेचने के लिए मालिक भी दिल्ली से गांव आया हुआ था। इस बीच मालिक अचानक से गायब हो गया। इसे लेकर घर के मालिक अनील कुमार पांडेय के पुत्र नई दिल्ली के मोहन नगर, पंखा रोड निवासी तरुण पांडेय ने अनहोनी की आशंका जताते हुए नबीनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

प्राथमिकी में कहा है कि उनका पैतृक मकान जनकपुर पोखरा में है। इस मकान की बिक्री की बात जनकपुर पोखरा निवासी अभिमन्यु कुमार सिंह से चल रही थी। इसके लिए उनके पिता नबीनगर आये हुए थे। पिता की अभिमन्यु सिंह से बात भी हुई थी। इसके बाद से उनका कोई अता पता नही है।

अपने स्तर ने काफी खोजबीन की लेकिन पता नही चल सका। नबीनगर के प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि तरुण कुमार पांडेय के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। प्राथमिकी में जनकपुर पोखरा निवासी अभिमन्यु कुमार सिंह को आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।