सिंहा काॅलेज छात्रसंघ की अध्यक्ष को छात्राओं ने किया सम्मानित

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। शहर के सच्चिदानंद सिंहा महाविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एक समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मां सरस्वती महिला छात्रावास की छात्राओं ने छात्रसंघ अध्यक्ष आशिका कुमारी को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में आशिका ने कहा कि हमारे समाज में महिलाएं शुरू से ही आदरणीय और पूजनीय रही हैं। हमें खुद को इतना सक्षम और मजबूत बनाना है कि व्यवस्थापिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका सभी जगहों पर अपना वाजिब हक ले सकें। आज महिलाएं राष्ट्र निर्माण में पुरुषों से कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। अब कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं है, जहां महिलाओं की मौजूदगी न हो। समाज का भी अब महिलाओं के प्रति तेजी से रवैया बदला है। वही एमबीए की छात्रा प्रगति गुप्ता ने कहा कि शिक्षा नारी सशक्तिकरण का सबसे मजबूत हथियार है।

छात्रा सोनम सिन्हा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों ने महिला सुरक्षा को लेकर जो कानून बनाए हैं, उसका सख्ती से पालन होना चाहिए ताकि महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। छात्रा शालिनी ने कविता के माध्यम से महिला शक्ति पर प्रकाश डाला। बीबीएम की छात्रा सान्वी राय ने गीतों के माध्यम से सब को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छात्र संघ की अध्यक्ष आशिका सिंह ने की जबकि संचालन एमबीए की छात्रा डिंपल कुमारी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन बी फार्मा की छात्रा काजल कुमारी ने किया। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी ओमप्रकाश सिंह, सीनियर अंडर ऑफिसर रितिक रौशन कुमार, महिला छात्रावास की सुरक्षा प्रहरी संजू देवी भी मौजूद रही।