नवविवाहिता ने फांसी लगा कर ली अपनी जीवन लीला  समाप्त, मायकेवालो ने लगाया पति पर हत्या करने का आरोप   

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। शहर के अलीनगर मुहल्ले में रविवार की दोपहर एक नव विवाहिता द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किये जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।

मृतका सुलताना परवीन(20वर्ष) सहुद अंसारी की पत्नी थी। बताया जाता है कि झारखंड के गढ़वा जिले के अचला नावाडीह गांव के निवासी आदिल अंसारी ने 15 फरवरी 2022 को अपनी बेटी सुलताना परवीन(20वर्ष) की शादी गढ़वा जिले के ओबरा निवासी अब्दुल बशीरुद्दीन अंसारी के इकलौते बेटे सहुद अंसारी से की थी। सहुद औरंगाबाद में इलेक्टॉनिक कंपनी का सर्विस सेंटर चलाता था। इस कारण वह औरंगाबाद के अली नगर में किराए पर रहता था। शादी के बाद वह अपनी पत्नी को लेकर औरंगाबाद चला आया और यही रहने लगा। शादी के कुछ दिनों तक दोनों के बीच सब कुछ सामान्य रहा।बाद में दोनों के बीच किसी कारणवश तनाव होने लगा। दोनों में आये दिन झगड़े होने लगे। आये दिन के झगड़े से तंग आकर विवाहिता ने रविवार की दोपहर किराये के घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची औरंगाबाद नगर थाना की पुलिस ने पति सहुद अंसारी को हिरासत में लेते हुए शव को कब्जें में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया है। इधर मृतका के ससुर का आरोप है कि उनके बेटे ने पत्नी को अपने पुराने आशिक के साथ फोन पर बात करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया था। इसके बाद उसका मोबाइल छीन लिया था। मोबाइल छीन लिए जाने के बाद से वह मोबाइल के लिए बराबर झगड़ा किया करती थी। एक माह पहले भी वह गांव पर आई थी और सास-ननद से झगड़ा कर वापस औरंगाबाद आ गई थी। इसी झगड़े और मोबाइल नही मिलने से पुराने प्रेमी से बात नही होने के कारण उसने आत्महत्या कर ली।

वही मृतका के मायकेवालो का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नही होने पर ससुरालियों ने हत्या की है। मृतका के पिता ने कहा कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को कार एवं सोने के चेन की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रताड़ना से ही अजीज आकर बेटी ने आत्महत्या कर ली। मामले की जानकारी मिलने पर मौके वारदात पर पहुंचे औरंगाबाद टाउन थाना के दारोगा ने बताया कि पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर कब्जे में लेने के बाद सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पति से आवश्यक पूछताछ कर रही है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चलेगा कि मामला हत्या या आत्महत्या का है। हालांकि पुलिस दोनो ही एंगल से मामले की तहकीकात में जुटी है। इधर मृतका के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। परिजन चित्कार कर रहे है और उनके गांव में मातम पसरा है।