उमगा पहाड़ पर स्थित 52 मंदिरों की श्रृंखला के विकास के लिए मंत्री ने की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। बिहार सरकार के वन पर्यावरण एवं जलवायु मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड में उमगा पहाड़ पर स्थित 52 मंदिरों की श्रृंखला के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की।

श्री सिंह ने शनिवार को यहां प्रेसवार्ता में कहा कि राज्य सरकार उमगा को इको टूरिज्म प्लेस के रुप में विकसित करेगी। पर्यटन के दृष्टिकोण से इस स्थल का विकास किया जाएगा। उमगा पहाड़ तक चढ़ने के लिए रॉक ट्रैक बनेगा और अन्य सुविधाएं भी बहाल की जाएंगी ताकि यहां राज्य के अलावा देश के कोने-कोने से पयर्टक आएं। कहा कि सरकार उमगा पहाड़ पर स्थित 52 मंदिरों की श्रृंखला के विकास के लिएकृत संकल्पित है।

मंदिर तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसे देखते हुए रोपवे का निर्माण कराया जाएगा। वहीं मंदिर के चारों तरफ घेराबंदी भी कराई जाएगी। इसके अलावा पाइपलाइन के माध्यम से उमगा पर्वत पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सीढ़ी और शेड का भी निर्माण कराया जाएगा ताकि श्रद्धालु पहाड़ पर विश्राम कर सके।