Executive Assistants की अनिश्चितकालीन हड़ताल के 9वें दिन भी रही जारी

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। बिहार राज्य कार्यपालक सहायक सेवा संघ की औरंगाबाद जिला इकाई के तत्वावधान में जिले के विभिन्न विभागों में कार्यरत कार्यपालक सहायक मंगलवार को भी शहर के दानी बीघा में धरना पर बैठे रहे। कार्यपालक सहायकों के हड़ताल पर चले जाने से आरटीपीएस, लोक शिकायत निवारण, बिजली विभाग, मनरेगा समेत अन्य विभागों का कार्य बाधित है। लोग आवासीय, जाति, आय व अन्य प्रमाण पत्र बनवाने के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं।

आंदोलन के 16वें दिन तथा अनिश्चितकालीन हड़ताल के 9वें दिन धरना पर बैठे कार्यपालक सहायकों ने सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। वही धरना की अध्यक्षता संघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष कमल कुमार ने की जबकि संचालन श्रवण कुमार ने किया।. धरना को संबोधित करते हुए कार्यपालक सहायकों ने कहा कि हम सभी अपनी जायज मांगों को लेकर विगत 9 दिनों से लगातार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। उप मुख्यमंत्री समेत पक्ष एवं विपक्ष के 67 जनप्रतिनिधियों ने सरकार के समक्ष हमारी आवाज उठाई है। इसके बावजूद सरकार हमारी मांगों पर विचार करने के बजाय तरह-तरह का धमकी भरा पत्र भेज रही है। इससे स्पष्ट है कि सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। कहा कि इतिहास गवाह है कि जब जब सत्ता तानाशाह हुई हैं, तब तब विनाश हुआ है। इससे हम सब डरने वाले नहीं हैं। सरकार को आम लोगों के कार्य से कुछ लेना देना नहीं है। यदि लोगों की परेशानी से जरा सा भी तकलीफ होता तो अब तक सरकार द्वारा सकारात्मक पहल की जाती।यह विडंबना है कि सरकार खुद परीक्षा लेकर बहाली करने के बाद निजी कंपनी के हाथों बेचना चाह रही है। विदित हो कि 15 मार्च से सभी कार्यपालक सहायक हड़ताल पर बैठे हैं। वही कर्मचारी महासंघ गोप गुट, मुखिया संघ समेत अन्य संघों ने भी कार्यपालक सहायकों के आंदोलन का समर्थन किया है। इस मौके पर राजीव कुमार, हर्ष राज, नवी शेर आलम, पंकज पांडेय, रितेश कुमार श, प्रभु नंदन कुमार, रोशन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, मनीष कुमार, राहुल कुमार, राजीव कुमार, प्रेम कुमार, महिला प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शोभा कुमारी, संचीता कुमारी, कल्पना वर्मा, चंदन कुमार, अक्षय कुमार, आदर्श राय, मुकेश कुमार विश्वकर्मा, संतोष कुमार, रोहित कुमार, विजय कुमार, वीरेंद्र कुमार, कुंदन कुमार, सुमन कुमारी, बलवेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।

गुरुवार को करेंगे भूख हड़ताल

संघ के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि सरकार की धमकी से हम डरने वाले नहीं है। हमारा संघ चट्टान की तरह मजबूत है। सरकार को हमारी मांगे माननी होगी। अपनी मांगों को लेकर आज बुधवार को जिले के सैकड़ों कार्यपालक सहायक पटना जाकर प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद भी मांगे नहीं मानी गई तो कल गुरुवार से भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इसके बाद भी मांगे नहीं मानने पर आमरण अनशन व आत्मदाह किया जाएगा। कहा कि हड़ताल को लेकर कार्यपालक सहायकों को विभिन्न विभागों से धमकी भरा पत्र भेजा जा रहा है। जिले के कई विभागों द्वारा 24 घंटे के अंदर योगदान करने का अल्टीमेटम दिया गया है। धमकी भरे पत्र से कार्यपालक सहायकों में आक्रोश और भी बढ़ता जा रहा है। सहायकों ने कहा कि एक भी कार्यपालक सहायक नौकरी से हटाए जाते हैं, तो हम सभी संयुक्त रूप से आत्मदाह करने पर विवश होंगे।