औरंगाबाद में जनवरी के अंत तक जारी रहेगा ठंड का कहर, 25 को भी मौसम खराब रहने का आसार

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। कड़ाके की ठंड से जूझ रहे औरंगाबाद जिले में एक बार फिर मौसम का मिजाज 25 जनवरी तक बिगड़ने वाला है।

कृषि विज्ञान केन्द्र, सिरिस के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनूप कुमार चौबे ने बताया कि 25 जनवरी को भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 26 जनवरी से मौसम साफ होगा। 26 जनवरी से हवा के दिशा में बदलाव के आसार है। इसके बाद फिर पर्वतीय प्रदेशो से शुष्क और उत्तरी पछुआ हवाओ का प्रवाह बढ़ेगा जिसके प्रभाव से न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट आएगी।

25, 26, 27, 28, 29 जनवरी को अधिकतम तापमान 23, 20, 21, 18, 19 और न्यूनतम तापमान 10, 8, 7, 6, 5 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 26 जनवरी से 8 से 10 किलोमीटर की गति से पछुआ हवा बहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बाद पछुआ हवा बहने से ठंड में वृद्धि होने वाली है और ठंड का प्रकोप जारी रहने का पूर्वानुमान है। अभी मौसम खराब होने से अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढोत्तरी हुई थी लेकिन अगले दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में कमी होने से कनकनी फिर से बढ़ेगी।