शादी से इंकार पर महिला थाना पहुंचे लड़की वाले, पुलिस ने थाने में कराई प्रेमी युगल की शादी

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद महिला थाना परिसर मंगलवार को एक प्रेमी युगल की शादी का गवाह बना।

बताया जाता है कि पौथू थाना क्षेत्र के बिरुआ गांव की एक युवती का हसपुरा थाना क्षेत्र गिरधारी मठिया निवासी चंदन नाम के युवक के साथ पिछले 2 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने एक साथ जीने मरने की कसमें भी खाईं थी। अचानक लड़के ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती के परिजनों ने इसकी महिला थाना में शिकायत की और इंसाफ की मांग की।

महिला थानाध्यक्ष की पहल पर लड़के तथा परिजनों को थाना बुलाकर समझाया बुझाया गया। इसके बाद युवक के परिवार वाले भी शादी को राजी हो गये। परिवारवालों की रजामंदी के बाद मंगलवार को प्रेमी युगल की हिन्दू रीति रिवाज से थाना परिसर स्थित मंदिर में पुलिसकर्मियों तथा परिजनों की उपस्थिति में विधिवत शादी करा दी गयी। शादी के बाद नव दंपति को सबने आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।