शिक्षक आंदोलन की 16वीं वर्षगांठ पर शिक्षकों ने की संकल्प सभा

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। प्रारंभिक शिक्षक संघ की प्रदेश इकाई के आह्वान पर औरंगाबाद के शिक्षकों ने संघ की जिला कमिटी के प्रधान सचिव विनय यादव की अध्यक्षता में संकल्प सभा का आयोजन किया।

संकल्प सभा का उद्घाटन प्रधान सचिव, उपाध्यक्ष छठु सिंह, संतोष सिंह, उदय कुमार, जिला मीडिया प्रभारी अशोक पांडेय, जिला प्रवक्ता डॉ. चंद्रदीप राम और जिला सलाहकार मनोज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के बाद सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि 24 दिसंबर 2005 का दिन बिहार के शिक्षकों के जीवन में मील का पत्थर साबित हुआ। 24 दिसंबर 2005 को पटना की धरती पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लाखों नियोजित शिक्षकों पर बर्बरतापूर्ण तरीके से पुलिसिया लाठीचार्ज की गई जिसमें हजारों शिक्षक घायल हुए और सैकड़ों शिक्षकों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इस ऐतिहासिक आंदोलन के फलस्वरूप ही एक जुलाई 2006 से शिक्षामित्र की सेवा को पंचायत, प्रखंड, नगर शिक्षक के रूप में 60 वर्ष की आयु तक सेवा स्थाई और सम्मानजनक वेतन बढ़ोतरी के साथ-साथ अन्य सुविधाएं प्रदान की गई।

कहा कि अभी तक बिहार के शिक्षक जो भी प्राप्त किए हैं, वह शिक्षक आंदोलन का ही परिणाम है। शिक्षको की मुख्य मांग पूर्ण वेतनमान, ऐच्छिक स्थानांतरण, स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति, पुरानी पेंशन व्यवस्था, राज्य कर्मी का दर्जा सहित अन्य मांगों को लेकर भी संघर्ष जारी रहेगा और इसे लेकर ही रहेंगे। इस मौके पर संघ के उप कोषाध्यक्ष शशि रजक, देव प्रखंड सचिव संजय पांडेय, दाउदनगर प्रखंड सचिव आलोक कुमार सिन्हा, नबीनगर प्रखंड सचिव सुधीर कुमार सिंह, हसपुरा प्रखंड अध्यक्ष संजय कुमार, बारुण के मीडिया प्रभारी सुरेश गुप्ता, अम्बिका ठाकुर देवेश कुमार, राजेन्द्र राम, संजय कुमार, श्रवण कुमार सिंह, हरिभूषण सिंह सहित अन्य मौजूद थे।