Teachers Day पर कुटुम्बा के शिक्षक चंद्रशेखर को डीएम ने दिया राज्य सम्मान

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के ज़िलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने शिक्षक दिवस पर राज्य स्तर पर सम्मान के लिए चयनित शिक्षक कन्या मध्य विद्यालय, कुटुंबा के प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर प्रसाद साहू को सम्मान पत्र प्रदान किया।

सम्मान स्वरूप उन्हें प्रशस्ति पत्र, 15000 रुपए का चेक एवं विश्व शांति स्तूप का प्रतीक चिंह प्रदान किया गया।श्री साहू को यह सम्मान पत्र बिहार सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा वर्ष 2019 के लिए शिक्षा क्षेत्र में उनकी प्रतिभा, प्रेरणा एवं विशिष्ट सेवा हेतु प्रदान किया गया। गौरतलब है कि श्री साहू नवाचार के कई साधनों का उपयोग कर छात्राओं को शिक्षा प्रदान कर रहे है। उन्होंने काम लागत में विज्ञान के मॉडल विकसित करने के लिए बच्चो को प्रेरित किया। उनके विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे वाल(दीवार) अखबार के माध्यम से अपनी रचनाओं को दिखाते हैं। ये बच्चे अपनी अभिव्यक्ति को बंद बॉक्स में डालते हैं जिसे चेतना सत्र में सुनाया जाता है। इससे बच्चो का व्यवहार अच्छा होता है। इसके अतिरिक्त इस विद्यालय में एक सुसज्जित पुस्तकालय है एवं छात्राएं एक पीरियड पुस्तकालय में देती हैं।

डीएम से सम्मान ग्रहण करते शिक्षक

श्री साहू ने छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ने के लिए दो एप उन्नयन एवं विद्यावाहिनी भी डाउनलोड कराया है एवं इसके उपयोग का प्रशिक्षण दिया है। साथ ही वे लॉकडाउन के दौरान डीडी बिहार पर आने वाले शैक्षणिक प्रसारण मेरा दूरदर्शन मेरा विद्यालय के माध्यम से पढ़ने हेतु बच्चों को प्रेरित करते हैं। उनके विद्यालय में एक आनंद शाला भी बनाया गया है जहां अल्फाबेट, गिनती, पहाड़ा, महीने एवं सामान्य ज्ञान को आकर्षक तरीके से दर्शाया गया है। इस मौके पर श्री साहू ने कहा कि उन्होने सम्मान के साथ मिली 15 हजार की राशि का चेक आम जनता के कल्याण हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराने का निर्णय लिया है ताकि राज्य के राहत कार्यों में मदद मिले।