सीता नवमी पर राजकीय उत्सव का हो आयोजन : संजय पासवान

पटना(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। सीता नवमी पर सीता तीर्थ क्षेत्र न्यास के द्वारा पटना के बिहार विधान परिषद सभागार में सीता नवमी को भारतीय महिला दिवस के रूप में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सीता दाई की चित्र पर माल्यार्पण व विधिवत पूजन के साथ किया गया।

उद्घाटन मुख्य अतिथि विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री लेसी सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री व एमएलसी डॉ. संजय पासवान, एमएलसी रीना यादव, प्रो. सुनीता राय, डॉ. स्मिता सिंह, हिमाचल के एडीजी जितेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर सीता सखी सम्मान समारोह एवं स्त्री विमर्श का भारतीय सन्दर्भ विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। विषय प्रवेश कला नेत्री सीता तीर्थ क्षेत्र की डॉ. पल्लवी विश्वास ने कराया।

मुख्य अतिथि विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में ही पुरुषों का आदर्श महिला हैं। उन्होंने सीता नवमी को भारतीय स्त्री दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव का समर्थन करते हुए सरकार से पहल का अनुरोध किया। सभापति ने कहा कि भारतीय सन्दर्भ में हमेशा मां की प्रेरणा देती हैं।

मुख्य अतिथि मंत्री लेसी सिंह ने सीता नवमी पर राजकीय अवकाश घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। कहा कि हर युग में महिलाओं की प्रतिष्ठा रही है। आज के दौर में केंद्र व राज्य सरकार के प्रयास से हमारे देश में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। आज घर चलाने से लेकर हवाई जहाज तक उड़ा रही हैं। पंचायत से लेकर राज्य व केंद्र सरकार में भी महिलाएं प्रमुख पदों पर हैं। नारी शब्द ही अपने आप में बहुत बड़ा शब्द है। महिलाएं अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहीं हैं। आज के दिन हमलोगों को महिला व पुरुषों को एकसाथ समन्वय बना कर चलने का संकल्प लेना चाहिये।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री व विधान पार्षद डॉ. संजय पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई व धन्यवाद देते हुए कहा कि नीतीश जी ने बिहार में सीता नवमी पर राजकीय अवकाश घोषित किया। यह नीतीश जी का सीता दाई व महिलाओं के प्रति सम्मान को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि सीता बिहार के बेटी और बुआ हैं। आज के युग में सीता दाई से लोगों को प्रेरणा लेनी चाहिए कि कैसे विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने प्रभु श्रीराम का साथ दिया। डॉ. पासवान ने मुख्यमंत्री से बिहार में सीता नवमी पर राजकीय उत्सव पटना के गांधी मैदान में कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार में नारी शक्ति के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया गया कार्य व स्त्री विमर्श पर बिहार सरकार के मॉडल को देश भर में लागू करना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधान पार्षद शिक्षाविद डॉ. किरण घई ने किया। संचालन पूर्व केंद्रीय मंत्री व विधान पार्षद डॉ. संजय पासवान ने किया। धन्यवाद ज्ञापन सीता तीर्थ की समन्वयक प्रेरणा कुमारी ने किया।

इन्हें किया गया प्रथम सीता सखी सम्मान से सम्मानित

मंत्री लेसी सिंह व विप सभापति अवधेश नारायण सिंह ने शिक्षाविद एवं वरिष्ठतम नेत्री डॉ. किरण घई, मिथिला लोक कला अध्येता एवं शिक्षाविद डॉ. मृदुला प्रकाश, सीतामर्मज्ञ एवं लेखिका (सीतामढ़ी) श्रीमती आशा प्रभात, संगीतकार एवं लेखिका (दरभंगा) प्रो. लावण्यकीर्ति सिंह ‘काव्या’, स्त्री रोग विशेषज्ञ सह समाजसेवी (सीतामढ़ी) डॉ. रेणु चटर्जी, रंगकर्मी एवं पूर्व दूरदर्शन प्रमुख डॉ. रत्ना पुरकायस्थ, किन्नर कला जत्था प्रमुख, नेत्री(पटना) सुश्री रेशमा प्रसाद, पर्यावरण विज्ञानी सह कववित्री (आयोवा, अमेरिका) डॉ. श्वेता सिन्हा को सीता दाई की मूर्ति, मिथिला गमझा, माला व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।