तेज रफ्तार थार ने मारी बाइक में टक्कर दो युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

दाउदनगर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-139 औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ पर दाउदनगर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह बड़का बीघा गांव के पास तेज रफ्तार थार द्वारा बाइक में टक्कर मार दिये जाने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के नीमा गांव निवासी 30 वर्षीय राजू रंजन कुमार और हसपुरा प्रखंड के कैथी सोनहथु निवासी 40 वर्षीय कांग्रेस कुमार के रूप में हुई है। वहीघायल 25 वर्षीय मनोज कुमार मृतक राजू रंजन का भाई है। इसका इलाज दाउदनगर के एक निजी हॉस्पिटल में किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बाइक सवार तीनों युवक नीमा से अरवल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पटना की ओर से तेज व अनियंत्रित गति से आ रहे एक थार वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

थार वाहन की तेज गति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बाइक में धक्का मारने के बाद थार खेत में चला गया। बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। घटना की सूचना पाकर काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये और ग्रामीणों एवं मृतक के परिजनों ने मुआवजा की मांग को लेकर सड़क को जाम कर दिया। दाउदनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास कर लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।