भाईयों की सलामती के पर्व पर तेज बहाव में मदार नदी में बह गई बहन, दो दिनों बाद शव बरामद    

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। रफीगंज प्रखंड के कजपा पंचायत के सैफगंज में मदार नदी से गुरुवार को एक किशोरी का शव बरामद हुआ है। मृतका की पहचान औरंगाबाद प्रखंड के फेसर थाना के परसडीह पंचायत के सिमरी गांव निवासी अवध पाल की 13वर्षीया पुत्री प्रमिला कुमारी के रुप में की गई है।

बताया जाता है कि प्रमिला भाइयों की सलामती के त्योहार करमा पूजा करने के लिए मंगलवार को नहाय खाय के दिन गांव के ही नाला पर महिलाओं के साथ नहाने गई थी। नहाने के दौरान वह गहरे पानी के बीच चली गई। पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण वह बहने लगी। गहराई ज्यादा होने के कारण साथ रही महिलाएं उसे बचा नहीं पाई। आनन-फानन में महिलाओं ने घर के परिजनों को इसकी सूचना दी लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

पानी के तेज बहाव के साथ प्रमिला काफी दूर तक चली गई थी। इस कारण परिजनों को पता नहीं चल सका। परिजनों ने इधर-उधर काफी खोजबीन की। स्थानीय मल्लाह से भी उसकी खोजबीन कराई गई लेकिन पता नहीं चल सका। गुरुवार की सुबह सैफगंज में मदार नदी से प्रमिला का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।