ताराडीह में श्रीराम टोली का हुआ गठन

मदनपुर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। अयोध्या तीर्थ क्षेत्र स्थित भगवान श्रीराम की जन्म स्थली पर भव्य मंदिर निर्माण अभियान में आमस प्रखंड के रामपुर पंचायत के ताराडीह गांव में रामभक्तों की एक बैठक महावीर मंदिर में संपन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता अभियान के पंचायत प्रमुख राम विनोद चैधरी ने की। बैठक का शुभारंभ हनुमान जी की पूजा-अर्चना से किया गया। बैठक में पंचायत के सरपंच किशोरी राम, मुखिया राहुल कुमार, आयोजन के सूत्रधार दीपक यादव, सत्येंद्र नारायण सिंह, शिव दयाल सिंह ने भगवान श्रीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। उपस्थित रामभक्तों ने हनुमान जी को पुष्पांजलि अर्पित की। प्रणवोच्चार एवं विजय महामंत्र के साथ बैठक आरंभ हुआ। बैठक में राम विनोद चैधरी ने कार्यक्रम से उपस्थित लोगो को अवगत कराया। कार्यक्रम में उपस्थित बजरंग दल-विश्व हिंदू परिषद बिहार के पूर्व प्रदेश प्रमुख जितेंद्र सिंह ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण से अपना देश धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परतंत्रता से सदा के लिए स्वतंत्र हो जाएगा। अयोध्या का यह स्थान 500 वर्षों तक गुलामी का दंश झेलते हुए रामभक्तों के पराक्रम के कारण ही आज आध्यात्मिक, सांस्कृतिक तथा धार्मिक स्वतंत्रता का इतिहास सृजन करने जा रहा है। अब इसी स्थान से पूरी दुनिया में विश्व गुरु का संदेश प्रसारित होगा।

उन्होंने कहा कि श्रीराम ही राष्ट्र है और देश की संस्कृति के मूलाधार हैं। संस्कृति ही किसी भी राष्ट्र की आत्मा होती है और कोई भी राष्ट्र तभी तक जीवित है जब तक उसकी आत्मा जीवित है। इसलिए भगवान श्रीराम के आदर्शों की पुर्नस्थापना से ही समुन्नत राष्ट्र एवं जीवंत संस्कृति की सोच को मूर्तिमान कर सकेगी। श्रीराम मंदिर निर्माण, राष्ट्र मंदिर का केंद्र होगा और यहीं से विश्व मंगल का शंखनाद होगा। यह राष्ट्र मंदिर राष्ट्र रक्षा, अभिवृद्धि एवं समृद्धि का अधिष्ठान होगा। बैठक में सर्वसम्मति से ग्राम श्रीराम टोली गठित की गई। टोली में विक्रम कुमार को टोली प्रमुख एवं भोली सिंह रोहित को सह प्रमुख बनाया गया। वही अमरेश कुमार बिट्टू, पवन कुमार, रंजीत कुमार, रूपेश कुमार, अक्षय कुमार, राहुल साहू, गौरव कुमार, राजेश कुमार, गुड्डू साहू, एवं मनोज सिंह को टोली सदस्य बनाया गया है। टोली द्वारा मंदिर निर्माण हेतु तत्काल निधि समर्पण अभियान को प्रारंभ कर दिया गया। बैठक में पवन कुमार, रंजीत कुमार सिंह, रूपेश कुमार सिंह, मनोज कुमार चंद्रवंशी, कारू सिंह सहित दर्जनों रामभक्त उपस्थित थे।