खाजपुरा शिव मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की आरती, मांगी बिहार की सुख-समृद्धि

पटना: राजधानी पटना के खाजपुरा स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित श्री श्री महाशिवरात्रि महोत्सव शोभायात्रा अभिनंदन समिति के कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए। नेहरू मार्ग स्थित खाजपुरा शिव मंदिर में आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ, मां पार्वती और भगवान नंदी की आरती कर पूरे बिहारवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Nitish kumar

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर खाजपुरा शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शोभायात्रा में भगवान भोलेनाथ की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया था। जैसे ही शोभायात्रा मंदिर पहुंची, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्य की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी तथा विधायक संजीव चौरसिया सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव अनुपम कुमार और डॉ. चन्द्रशेखर सिंह सहित अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे। बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु, गणमान्य व्यक्ति और सामाजिक कार्यकर्ता भी इस महोत्सव का हिस्सा बने।

महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित यह शोभायात्रा खाजपुरा क्षेत्र में आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनी। धार्मिक उत्साह और प्रशासनिक सहभागिता के साथ संपन्न हुआ यह आयोजन राजधानी पटना में चर्चा का विषय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *